![]()
.
राजिम थाना क्षेत्र के लोधिया तालाब में मिले अज्ञात शव की गुत्थी को गरियाबंद जिला पुलिस ने महज 48 घंटे में सुलझा लिया। पुलिस ने इस मामले में दो अपचारियों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना राजिम एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने की। दरअसल, 30 अक्टूबर को लोधिया तालाब में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
जांच में पुलिस को पता चला कि राजिम के देवेन्द्र धीवर उर्फ देव, थनेन्द्र साहू उर्फ भोलू और दो विधि से संघर्षरत बालक उस दिन मृतक के साथ देखे गए थे। पूछताछ की गई, तो उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 27 अक्टूबर की शाम उन्होंने मृतक दुर्गेश साहू को लोधिया तालाब के पास बुलाया था। उधारी का एक हजार रुपए लौटाने से दुर्गेश के मना करने से सभी आरोपी आपा खो बैठे और मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई की। जब मृतक ने चिल्लाना शुरू किया, तो देवेन्द्र ने पास में पड़ी पानी पाउच की बोरी उसके मुंह में ठूंस दी। इसके बाद चारों ने मिलकर पत्थर और लात-घूंसों से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
<
