.
मुलमुला थाना क्षेत्र में 2 अक्टूबर की रात लगभग 11:30 बजे युवक से तीन बदमाशों ने मारपीट कर मोपेड लूट ली। घटना ग्राम कोसा के आगे मुख्य सड़क पर हुई। तीनों बदमाशों ने बाइक पर युवक का पीछा किया। सुनसान अंधेरे रास्ते में बदमाशों ने युवक पर रॉड से हमला किया फिर फिर गाड़ी लूटकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार मस्तूरी भगवानपाली निवासी आदिल्य पाटले 2 अक्टूबर की रात मोपेड पर शिवरीनारायण में दशहरा व नवरात्र मेला देखने गया था। रात करीब 11:30 बजे ग्राम कोसा के आगे सुनसान सड़क पर तीन युवक बैंगनी-काले रंग की बिना नंबर प्लेट की बाइक से आए और उसे रोकने का प्रयास किया। युवक डर गया और उसने बचकर निकलने की कोशिश की। इस पर बाइक पर बैठे एक आरोपी ने रॉड से उसके दाहिने हाथ पर वार किया। हमले से युवक सड़क पर गिर गया। तीनों बदमाश उतरे और गाली-गलौज करने लगे और उसकी मोपेड लूट ली। युवक के हाथ, घुटनों और कोहनियों पर गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस जुर्म दर्ज कर आरोपियांे की पतासाजी में जुटी है।
24 दिन पहले हुई चोरी का नहीं मिला सुराग मुलमुला थाना से महज 2 किमी दूर बासीनपाठ पारा बस्ती में 10 सितंबर की रात नारायण साहू के मकान में चोरी हुई थी। चोरों ने घर से 90 हजार रुपए के कीमती बर्तन चोरी किए। पीड़ित ने पुलिस को फुटेज मुहैया कराए हैं। 24 दिन बाद भी पुलिस के हाथ अब तक खाली है। वहीं 11 सितंबर को कोनारगढ़ में मोबाइल दुकान से 55 हजार के मोबाइल चोरी हो गए। हाल ही में कुटीघाट में घर के सामने खड़ी बाइक चोरी हो गई।
<
