![]()
रेलवे स्टेशन से एयरपोर्ट जाने वालों का सफर आसान होगा। क्योंकि यात्रियों को एक्सप्रेस-वे में फुंडहर चौक के सिग्नल पर नहीं रुकना पड़ेगा और स्टेशन से सीधे एयरपोर्ट पहुंचेंगे। क्योंकि पीडब्ल्यूडी 246 करोड़ की लागत से दो फ्लाई ओवर बनाने का निर्णय लिया है।
.
पहला फ्लाई ओवर 90 करोड़ से फुंडहर चौक पर बनेगा। यह फोर लेन होगा। वहीं, फुंडहर चौक से 900 मीटर की दूरी पर 156 करोड़ की लागत से 700 मीटर लंबा फोरलेन ओवरब्रिज बनेगा। यह एक्सप्रेस-वे से निकलेगा और टेमरी तालाब के पास होकर वीआईपी रोड में मिलेगा।
दोनों ओवरब्रिज के निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी ने सर्वे पूरा कर लिया है और टेमरी गांव के 125 खसरों की खरीदी बिक्री पर रोक लगाकर भू-अर्जन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। विभाग का दावा है कि दो साल के भीतर प्रोजेक्ट पूरा कर लिया जाएगा।
जानिए… कहां-कहां बनेगा फ्लाईओवर और ये क्यों है जरूरी
फुंडहर चौक: वर्तमान में एक्सप्रेस-वे पर फाफाडीह, देवेंद्र नगर, पंडरी, शंकर नगर और तेलीबांधा में पांच फ्लाईओवर हैं। वहीं फुंडहर चौक और माना चौक के पास दो सिग्नल हैं। फुंडहर चौक के पास की सड़क काफी संकरी है और सिग्नल होने के कारण यहां अक्सर गाड़ियां फंसती हैं। यहां फ्लाईओवर बन जाने से लोग बिना किसी रुकावट के सीधे एयरपोर्ट की तरफ जा सकेंगे।
फुंडहर चौक के आगे से: दूसरा फ्लाईओवर फुंडहर चौक के आगे से बनेगा, जो टेमरी तालाब के पास से होकर वीआईपी रोड में मिलेगा। इसकी दूरी करीब 700 मीटर की होगी। इस तरह एक्सप्रेस-वे में पहुंचने के बाद लोग बिना किसी रुकावट के सीधे एयरपोर्ट पहुंच पाएंगे।
भू-अर्जन की प्रक्रिया शुरू एक्सप्रेस-वे के फुंडहर चौक और टेमरी से वीआईपी रोड तक फ्लाई ओवर का निर्माण होगा। भू-अर्जन प्रक्रिया शुरू हो गई है। फ्लाईओवर की जद में आने वाले जमीन की खरीदी बिक्री पर रोक लगा दी गई है। इससे यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। एसके कोरी, सीई रायपुर
<
