धमतरी की स्वास्तिका सिंह ने राष्ट्रीय एयर राइफल शूटिंग प्रतियोगिता 2025 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। उन्होंने भोपाल में आयोजित 34वीं ऑल इंडिया जी.वी. मालवंकर शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
.
स्वास्तिका छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह प्रतियोगिता 9 से 15 अक्टूबर तक मध्यप्रदेश शूटिंग एकेडमी, भोपाल में आयोजित की गई थी। इसमें देश भर के शीर्ष राइफल शूटिंग खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लिया।
स्वास्तिका ने 10 मीटर एयर राइफल यूथ कैटेगरी वर्ग में हिस्सा लिया और राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह बनाई। स्वास्तिका सिंह धमतरी पुलिस विभाग में सहायक उप निरीक्षक अमित सिंह की बेटी हैं। उन्होंने कक्षा 6 से ही राइफल शूटिंग का अभ्यास शुरू कर दिया था।

उन्होंने कोच एसके पांडे के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लिया है। स्वास्तिका स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया में स्वर्ण पदक विजेता रही हैं और केवीएस की राष्ट्रीय राइफल शूटिंग प्रतियोगिताओं में लगातार तीन वर्षों तक रायपुर संभाग को चैंपियनशिप ट्रॉफी दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
वह वरिष्ठ खिलाड़ी शिवानी बाबर से भी खेल की बारीकियां सीखती हैं। देश के लिए पदक जीतने का सपना देखने वाली स्वास्तिका नियमित रूप से अपने कोच के मार्गदर्शन में कठिन अभ्यास कर रही हैं। उनकी यह सफलता धमतरी जिले के लिए गर्व का विषय है।

<
