.
जिला मुख्यालय से 13 किमी दूर मुक्ताश्रम हथौद में श्रीमद्भगवद्गीता जयंती का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान योगेश्वर श्रीकृष्ण एवं भगवद्गीता माता की पारंपरिक पूजा, दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुआ। मुक्ताश्रम में संचालित सरस्वती शिशु मंदिर उच्च विद्यालय के छात्रों ने कार्यक्रम में विशेष प्रस्तुति दी, जिसका मार्गदर्शन कार्यक्रम के मुख्य वक्ता योगाचार्य हेमंत सिन्हा द्वारा किया गया।
मुख्य अतिथि मुक्ताश्रम न्यास गोविंद साहू ने गीता स्वाध्याय को जीवन के उत्थान का मंत्र बताते हुए कहा कि गीता मानव को दिशा और दृष्टि दोनों प्रदान करती है। अध्यक्ष जागेश्वर साहू ने बच्चों को नियमित रूप से गीता पढ़ने और उसके उपदेशों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। मुख्य वक्ता योगाचार्य हेमंत सिन्हा ने कहा कि श्रीकृष्ण ने युद्धभूमि में निराश अर्जुन को माध्यम बनाकर सम्पूर्ण मानव समाज को जीवन दर्शन दिया।
<
