दुर्ग जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की शुरुआत हो गई है। कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी अभिजीत सिंह ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस अभियान का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से छूटे नहीं
.
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर यह प्रक्रिया 1 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के अनुसार की जा रही है। पुनरीक्षण का काम 28 अक्टूबर 2025 से शुरू हो चुका है। अब 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी लेंगे और फॉर्म भरवाएंगे।

9 दिसंबर को मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी
9 दिसंबर 2025 को मसौदा मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 9 दिसंबर से 8 जनवरी 2026 तक लोग अपने नाम जुड़वाने या सुधार कराने के लिए आवेदन दे सकेंगे। सभी जांच के बाद 7 फरवरी 2026 को अंतिम सूची जारी होगी।
कलेक्टर सिंह ने बताया कि दुर्ग जिले में 6 पूर्ण और 2 आंशिक विधानसभा क्षेत्र हैं। पहले जिले में 1520 मतदान केंद्र थे, जिन्हें बढ़ाकर अब 1742 कर दिया गया है। जिले में कुल 14.52 लाख मतदाता हैं, जिनमें 7.18 लाख पुरुष, 7.33 लाख महिलाएं और 55 अन्य मतदाता शामिल हैं।

मतदाता सहायता के लिए कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर जारी
कलेक्टर ने बताया कि राजनीतिक दलों की ओर से बूथ लेवल एजेंट (BLA) भी नियुक्त किए जा रहे हैं, जो बीएलओ की मदद करेंगे। इसके अलावा, NSS, NCC, आजीविका दीदी, सचिव, मितानिन और स्वास्थ्यकर्मी भी अभियान में सहयोग करेंगे। मतदाता सहायता के लिए कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर 1950 भी जारी किया गया है। तहसील स्तर पर भी कंट्रोल रूम बनाए गए हैं।
कलेक्टर सिंह ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और सभी के लिए समावेशी बनाने के लिए पूरा प्रशासन मिलकर काम करेगा। प्रेस वार्ता में अपर कलेक्टर वीरेन्द्र सिंह, योगिता देवांगन, एसडीएम हितेश पिस्दा, उत्तम ध्रुव और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे।
<
