छत्तीसगढ़ के दुर्ग में सिटी कोतवाली पुलिस ने 12 घंटे के भीतर एक अंधे कत्ल का खुलासा किया है। इस मामले में ई-रिक्शा चालक की हत्या के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं।
.
यह घटना 10 अक्टूबर की रात की है। पंचशील नगर निवासी अनिल यादव (लगभग 30 वर्ष) रात 11 बजे अपनी स्कूटी से घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। अगले दिन, 11 अक्टूबर की सुबह, पंचशील नगर स्थित बिजली ऑफिस के सामने एक शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली।

ई-रिक्शा चालक की हत्या, सिर पर गंभीर चोट के निशान
मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और पास में उनकी काली एक्टिवा स्कूटी खड़ी थी। मृतक की पहचान अनिल यादव के रूप में हुई, जो ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। अनिल के भाई भरत यादव ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और क्षेत्र में गहन पूछताछ की। कुछ ही घंटों में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।

दोस्तों ने बल्ली और पत्थर से की अनिल की हत्या
पूछताछ में आरोपियों ने वारदात की पूरी कहानी बयां की। उन्होंने कबूल किया कि वे मृतक के परिचित थे और घटना की रात सभी ने साथ बैठकर शराब और सिगरेट पी थी। इसी दौरान हुए आपसी विवाद में उन्होंने बल्ली और पत्थर से अनिल के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
गिरफ्तार आरोपियों में पंचशील नगर, दुर्ग निवासी साहिल टंडन उर्फ भोको, भुवन साहू (उम्र 18 वर्ष 4 माह) और एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) शामिल हैं।
पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल बल्ली और पत्थर बरामद कर जब्त किए। तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेजा गया है।

पुराने अपराधों का रिकॉर्ड जांच में यह भी सामने आया कि नाबालिग आरोपी पहले भी हत्या और हत्या के प्रयास (धारा 307) के मामलों में पकड़े जा चुके हैं और बाल सुधार गृह भेजे गए थे। वहीं, मुख्य आरोपी साहिल टंडन के विरुद्ध कोतवाली थाने में दो आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं। तीनों ही अपराधी प्रवृत्ति के युवक बताए जा रहे हैं।
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि मृतक और तीनों आरोपी एक ही मोहल्ले पंचशील नगर के निवासी हैं और पहले से एक-दूसरे को जानते थे। रात में नशे की हालत में विवाद इतना बढ़ा कि उसने जानलेवा रूप ले लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर घटना के कुछ ही घंटों में आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया।
पुलिस का कहना है कि हत्या का मुख्य कारण नशे के दौरान हुआ आपसी झगड़ा है। मामले की विवेचना जारी है और आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
<
