छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में शादीशुदा महिला ने अपने 15 साल छोटे बॉयफ्रेंड के साथ रहने के लिए पति की हत्या की साजिश रची। बॉयफ्रेंड ने साजिश के तहत गर्लफ्रेंड के पति के सिर पर कुल्हाड़ी से दो बार वार कर मार डाला।
.
हत्या के बाद बॉयफ्रेंड कुल्हाड़ी को बैग में रखकर बाइक और ट्रक की मदद से रायपुर पहुंचा फिर वहां से चेन्नई फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को चेन्नई से गिरफ्तार कर लिया है।
जानिए पूरा मामला
यह पूरा मामला पलारी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, अमृत गिरी (45) पलारी के वटगन गांव का रहने वाला है। अमृत अपनी पत्नी चंद्रिका गिरी (40) और दो बेटियों और एक बेटे के साथ रहता था। उसका फल बेचने का बिजनेस करता था।
इंस्टाग्राम पर हुई थी आरोपी से मुलाकात
चार साल पहले चंद्रिका की बिहार के मुजफ्फरनगर के रहने वाले टुन्ना कुमार शर्मा से इंस्टाग्राम पर मुलाकात हुई थी। टुन्ना चेन्नई में नौकरी करता था और लगभग 70 हजार रुपये महीना कमाता था।
आरोपी टुन्ना उम्र में चंद्रिका से 15 साल छोटा था, लेकिन दोनों के बीच नज़दीकियां बढ़ती चली गईं। इस दौरान दोनों के बीच मुलाकात भी होने लगी। चंद्रिका अपने बच्चों से टुन्ना को ‘अंकल’ कहकर मिलवाती थी। दोनों कई बार होटलों में भी मिले।
धीरे-धीरे चंद्रिका टुन्ना को अपने लाइफ पाटर्नर और उसके साथ आगे की जिंदगी गुजारने का सपना देखने लगी। लेकिन पति के रहने की वजह से वह अपने प्रेमी से नहीं मिल पा रही थी।
पति को पत्नी के अफेयर को लेकर था शक
इसी बीच अमृत को भी यह बात पता चल गई थी कि उसकी पत्नी का किसी दूसरे मर्द के साथ अफेयर है। इस पर वह शराब पीकर अपनी पत्नी से लड़ाई झगड़ा करता था। इसी बीच हालात तब बिगड़े जब फरवरी 2025 में चंद्रिका को पता चला कि जब उसके बॉयफ्रेंड टून्ना की शादी तय हो गई है।
इसके बाद चंद्रिका ने आए दिन विवाद और अपने बॉयफ्रेंड के साथ लाइफ बिताने को लेकर अपने पति को रास्ते से हटाने का फैसला किया।
रायपुर के होटल में दोनों ने मिलकर रची हत्या की साजिश
पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या से पहले चंद्रिका ने रायपुर के एक होटल में अपने बॉयफ्रेंड से मुलाकात की थी। वहीं दोनों ने अमित की हत्या की पूरी प्लानिंग की। चंद्रिका ने साजिश के तहत टून्ना को बताया कि घर में कब और कैसे घुसना है, कहां छिपना है और हमला करने के बाद कैसे भागना है।
हत्या के लिए ऐसा दिन चुना गया, जब लटेरी गांव में नाचा कार्यक्रम चल रहा था ताकि आसपास के लोग घर से बाहर रहें।


सोते हुए पति पर कुल्हाड़ी से हमला
घटना वाले दिन 24 अक्टूबर की रात करीब 11-12 बजे, जब अमित घर लौटा, खाना खाया और सोफे पर सो गया। इस बीच आरोपी टून्ना ने छत से घर में एंट्री की। इसके बाद आरोपी ने सोए हुए अमित के सिर पर कुल्हाड़ी से दो बार वार किया। इस हमले में अमित की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद टूना कुल्हाड़ी को बैग में रखकर बाइक और ट्रक की मदद से रात 3 बजे तक रायपुर पहुंच गया और वहां से चेन्नई के लिए फरार हो गया।
घटना के अगले दिन सुबह जब चंद्रिका घर लौटी तो उसने आसपास के लोगों को बताया कि उसके पति की किसी ने हत्या कर दी है। इसके बाद घटना की जानकारी पलारी थाना की पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि घर के सोफे पर अमृत का शव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा हुआ है। उसके सिर पर किसी भारी सामान से वार कर उसकी हत्या कर दी गई थी।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने ग्राम वटगन में अमृत के परिवार, पड़ोसियों और घटना वाले दिन उससे मिलने वाले लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान अज्ञात आरोपी का पता लगाया जा रहा था, लेकिन हत्या का स्पष्ट कारण तुरंत सामने नहीं आ रहा था।
पुलिस ने अमृत के परिवार के लोगों से अलग-अलग पूछताछ की। इस दौरान अमृत की पत्नी चंद्रिका गोल-गोल जवाब देती रही। पुलिस ने जब चंद्रिका की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकाली तो सच्चाई सामने आई। पुलिस ने चंद्रिका को संदेह के आधार पर हिरासत लिया और पूछताछ की। पुलिस की पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया।
उसने बताया कि उसने अपने बॉयफ्रेंड टूना कुमार शर्मा के साथ मिलकर प्लानिंग के तहत अपने पति की हत्या की थी और उसने पूरे घटनाक्रम के बारे में पुलिस को बताया।
जांच के बाद मास्टरमाइंड का पर्दाफाश
पुलिस चंद्रिका को कस्टडी लेकर उसके बॉयफ्रेंड को पकड़ने को कोशिशें तेज कर दी। पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन ट्रेस किया तो आरोपी बॉयफ्रेंड के बारे पता चला कि वो चेन्नई में है। पुलिस टीम ने चेन्नई जाकर आरोपी बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार किया, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। हत्या में इस्तेमाल हुई कुल्हाड़ी को पुलिस ने बरामद कर लिया है, जिसे आरोपी ने रायपुर रेलवे स्टेशन पर फेंक था।
टूना का बदला मन और पलटा मौका
गिरफ्तारी के बाद टून्ना ने पुलिस को बताया कि हत्या से पहले उसका मन बदल गया था और वह अमृत को मारने का प्लान छोड़कर वापस जाना चाहता था। लेकिन जब वह छत से उतर रहा था, तभी अमृत की नींद खुल गई और पकड़े जाने के डर से उसने अचानक हमला कर दिया। हत्या के बाद वह सरेंडर करने का भी मन बना रहा था, लेकिन एक पुलिस गाड़ी को बिना कुछ कहे गुजर जाने के बाद वह चेन्नई भाग निकला।
पत्नी निकली हत्या की ‘मास्टरमाइंड’
एडिशनल एसपी अभिषेक सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि चंद्रिका इस हत्याकांड की मास्टरमाइंड थी। उसने न सिर्फ बॉयफ्रेंड को बुलाया, बल्कि हर कदम पर उसकी मदद की और पूरी प्लानिंग की। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और आग की जांच जारी है।
<
