Uncategorized

घरघोड़ा रेंज का मामला: ठीक से चल नहीं पा रहा था जंगली सुअर, इलाज से पहले ही मौत

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में छोटे गुमड़ा गांव के पास एक जंगली सुअर मिलने से ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। जंगली सुअर ठीक से चल नहीं पा रहा था। उसकी हालत देखकर ग्रामीणों ने उसे घायल या बीमार होने की आशंका जताई। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे किसी तरह पकड़कर वन विभाग को सूचना दी। वन अमले की टीम उसे इलाज के लिए ले जा रही थी, तभी उसकी मौत हो गई।

घटना रविवार की है। मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र के छोटे गुमड़ा गांव का है। यह क्षेत्र रायगढ़ वन मंडल के घरघोड़ा रेंज के अंतर्गत आता है।

जानकारी के मुताबिक, रविवार को जंगल की ओर से एक जंगली सुअर गांव के पास खुले स्थान पर पहुंच गया। ग्रामीणों ने उसे देखा तो मौके पर भीड़ जुट गई। इस दौरान लोगों ने मोबाइल से उसका वीडियो भी बनाया। वीडियो में जंगली सुअर ठीक से चलते हुए नजर नहीं आ रहा था।

उसकी हालत देखकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। कुछ लोग उसके घायल होने, तो कुछ बीमार होने की आशंका जता रहे थे। जंगली सुअर की मौजूदगी से ग्रामीणों में डर का माहौल भी था। इसके बाद लोगों ने उसे पकड़कर वन विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जंगली सुअर की हालत खराब होने के कारण उसे इलाज के लिए ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद वन विभाग की टीम उसे रेंज कार्यालय ले गई। वहां विभागीय अमले ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी की।

पोस्टमॉर्टम के बाद उप वनमंडलाधिकारी की मौजूदगी में जंगली सुअर का अंतिम संस्कार किया गया।

घरघोड़ा सब डिवीजन के उप वनमंडलाधिकारी आशुतोष मंडावा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। जंगली सुअर काफी कमजोर नजर आ रहा था और ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। बाद में उसकी मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही जंगली सुअर की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button