सक्ती में रेल पटरी पर फ्री फायर खेल रहे किशोर की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत, एक गंभीर घायल


छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में रेल पटरी पर बैठकर फ्री फायर गेम खेल रहे 14 साल के लड़के की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे में उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मामला बाराद्वार थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, टिकेश साहू (14) और नवीन खांडे (14) सकरेलीभाठा के रहने वाले हैं। दोनों 9वीं कक्षा के छात्र हैं। 15 सितंबर की रात करीब 8 बजे सकरेलीभाठा फाटक के पास रेल पटरी पर बैठे थे। दोनों कान में ईयरफोन लगाकर मोबाइल में फ्री फायर गेम खेल रहे थे।
इन दोनों के अलावा दो और दोस्त इसी जगह पर बैठकर मोबाइल पर गेम खेल रहे थे। घटनास्थल से कुछ दूरी पर गणेश भगवान का पंडाल भी बना हुआ है। टिकेश और नवीन के साथ बैठे दोनों बच्चे पंडाल में प्रसाद लेने के लिए चले गए, जबकि टिकेश और नवीन वहीं पटरी के पास बैठे रहे।
इसी दौरान बाराद्वार की ओर से मालगाड़ी आ गई। गेम खेलने में व्यस्त टिकेश और नवीन समय रहते पटरी से हट नहीं सके। मालगाड़ी की चपेट में आने से टिकेश की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं नवीन के सिर, कंधे और पैर में गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने नवीन को तत्काल बाराद्वार अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे चांपा रेफर कर दिया। उसका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। 16 सितंबर की सुबह पुलिस ने टिकेश के शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
टिकेश कक्षा 9वीं में पढ़ता था। उसकी मौत की खबर से परिवार के साथ स्कूल और पूरे गांव में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि मोहल्ले के करीब आधा दर्जन नाबालिग बच्चों की रेल पटरी के पास बैठकर मोबाइल गेम खेलने की आदत थी।
बाराद्वार थाना प्रभारी नरेंद्र यादव ने बताया कि पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद टिकेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।




