Uncategorized

साफ-सफाई में लापरवाही पर रायपुर में कारोबारियों के खिलाफ एक्शन, मिठाई और पनीर के नमूने जांच को भेजे

रायपुर शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई की जांच के दौरान खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने चार प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की है। निरीक्षण में गंदगी और खाद्य पदार्थों के रखरखाव में लापरवाही मिलने पर विभाग ने करीब 150 किलो मिठाई और 10 किलो पनीर नष्ट करवाया। साथ ही चारों प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर कम से कम तीन दिन तक दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। यह कार्रवाई विभाग के नियंत्रक दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में की गई।

विभाग के नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने टीम के साथ तेलीबांधा क्षेत्र की न्यू जनता स्वीट्स, मां अंबे स्वीट्स, स्वीट हट एंड बेकरी और पचपेड़ी नाका स्थित रायपुर ढाबा का निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। खाद्य पदार्थों को रखने के तरीके में भी लापरवाही पाई गई।

इसके बाद टीम ने मौके पर ही करीब 150 किलो मिठाई और 10 किलो पनीर नष्ट करवाया। विभाग ने चारों प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। साथ ही साफ-सफाई और रखरखाव की व्यवस्था में सुधार होने तक कम से कम तीन दिन दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए हैं।

निरीक्षण के दौरान टीम ने खोवा, कुंदा, पनीर, बूंदी, बेसन के लड्डू, कलाकंद और छेने से बनी मिठाइयों समेत कई खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। विभाग के अनुसार, जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ अमानक पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी।

नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और सुरक्षित रखरखाव में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी खाद्य कारोबारियों के लिए निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य है। उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान उपायुक्त आशीष यादव, अभिहित अधिकारी विनोद गुप्ता, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कंचन वर्मा और खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश राज, संतोष ध्रुव एवं डोमेन्द्र ध्रुव मौजूद रहे।

विभाग ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button