छत्तीसगढ़

छेड़छाड़ पर तत्काल कार्रवाई की चेतावनी, गरबा स्थलों पर महिला शक्ति टीम की नजर

नवरात्रि पर्व पर गरबा कार्यक्रमों, चूनरी यात्राओं और दुर्गा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। दुर्ग में गरबा कार्यक्रम के दौरान हिंदू संगठन द्वारा हुए विवाद के बाद पुलिस ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है। दुर्ग के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात संभालने के लिए कुल 361 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। पुलिसकर्मी दिन और रात अलग-अलग शिफ्ट में तैनात रहेंगे।

प्रमुख आयोजन स्थलों और संवेदनशील इलाकों में फिक्स पॉइंट बनाने के साथ पेट्रोलिंग और गश्त भी की जा रही है। गरबा स्थलों पर महिला शक्ति टीम निगरानी करेगी। छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

गरबा और अन्य सार्वजनिक आयोजनों में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए महिला शक्ति टीम को सक्रिय किया गया है। आयोजन स्थलों पर पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार या शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

नवरात्रि के दौरान असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए रात्रिकालीन गश्त को प्रभावी बनाया गया है। अड्डेबाजी की आशंका वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों में संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही है। गुंडा-बदमाशों और धारदार हथियार लेकर घूमने वालों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

गरबा कार्यक्रमों, चूनरी यात्राओं और दुर्गा पंडालों के आसपास श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए यातायात पुलिस को अलग-अलग क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रमुख चौक-चौराहों और आयोजन स्थलों के आसपास पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। फिक्स पॉइंट और पेट्रोलिंग के जरिए जाम व यातायात अव्यवस्था रोकने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।

सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजपत्रित अधिकारी अपने क्षेत्राधिकार में व्यवस्था संभालेंगे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर एवं ग्रामीण, नगर पुलिस अधीक्षक और पुलिस लाइन के अधिकारी पुलिस बल की तैनाती और क्षेत्रवार समन्वय की निगरानी करेंगे। दिन और रात की अलग-अलग ड्यूटी के जरिए यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button