![]()
बलरामपुर-रामानुजगंज की बसंतपुर पुलिस ने धनवार परिवहन चेकपोस्ट पर शासकीय कर्मचारियों से मारपीट के मामले में फरार चल रहे एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
.
जानकारी के अनुसार, यह घटना 4 अक्टूबर 2025 को हुई थी। परिवहन उप निरीक्षक भूषण ध्रुव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरटीओ बैरियर में ड्यूटी के दौरान आरोपी चंदन, कैलाश, उपेंद्र उर्फ गोलू सहित 7-8 अज्ञात व्यक्ति पूर्व विवाद को लेकर कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और आरटीओ कार्यालय व आवासीय परिसर में घुसकर शासकीय कार्य में बाधा डाली थी।
मारपीट केस में फरार था आरोपी
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पहले कैलाश यादव, उपेंद्र यादव उर्फ गोलू और रंजन रवि को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में इन आरोपियों ने बताया था कि उन्होंने अपने साथी प्रीतम गुप्ता, राजेश यादव, मनोज यादव और मिथलेश रवि के साथ मिलकर स्कार्पियो वाहन में इस घटना को अंजाम दिया था। तब से आरोपी प्रीतम गुप्ता फरार चल रहा था।
पुलिस ने आरोपी हिरासत में लिया
थाना प्रभारी बसंतपुर के नेतृत्व में गठित टीम ने 2 नवंबर 2025 को आरोपी प्रीतम गुप्ता (पिता दिनेश गुप्ता, उम्र 26 वर्ष, निवासी जमई, थाना बसंतपुर) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो वाहन भी जब्त कर लिया है।
आरोपी प्रीतम गुप्ता को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस मामले में अभी भी तीन अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक जितेंद्र सोनी, प्रधान आरक्षक पंकज पोर्ते और आरक्षक क्रमांक 742, 764, 877 ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
<
