जशपुरनगर (द ब्लेज ई न्यूज): शहर के बस स्टेण्ड से साप्ताहिक बाजार के बीच सड़क पर डेरा जमाएं सब्जी व्यवसाईयों को सड़क से हटा कर मंडी में बैठाना स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। गुरूवार को नगर पालिका और राजस्व विभाग की टीम दल बल के साथ सड़क में उतरी। टीम ने शहर के बस स्टेण्ड से लेकर साप्ताहिक बाजार में सड़क के किनारे लगे हुए सब्जी के दुकानों को हटाने की कार्रवाई की। सीएमओ योगेश्वर उपाध्याय ने बताया कि बुधवार को आयोजित जशपुर फोरम की बैठक में नगरवासियों द्वारा सड़क पर लगे हुए इन बेतरतीब सब्जी दुकानों को व्यवस्थित करने की मांग नगरवासियों ने की थी। इस पर जशपुर की विधायक रायमुनि भगत और कलेक्टर रोहित व्यास ने कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। निर्देश का पालन करते हुए जशपुर के एसडीएम विलासराव मस्के के नेतृत्व में बस स्टेण्ड से साप्ताहिक बाजार के बीच सड़क के दोनों किनारों पर लगी हुई सब्जी दुकानों को हटा कर,सब्जी मंडी में स्थानांनतरित किया गया। इसके साथ ही अधिकारियों ने सब्जी विक्रेताओं को भविष्य में सड़क के किनारे सब्जी ना बेचने की समझाईश दी। एसडीएम मस्के ने विक्रेताओं को बताया कि सड़क किनारे दुकान लगाने से सड़क पर जाम की स्थिति बनती है और साथ ही दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। सीएमओ ने बताया कि आगे सड़क से हटाए गए दुकानों को लगने से रोकने के लिए नगर पालिका और राजस्व विभाग की टीम निगरानी करेगी। जो भी दुकान लगाएगा,उसे तत्काल हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

मांसाहार बाजार भी पीछे होगा शिफ्ट –
साग-सब्जी के दुकानों को सड़क से हटाएं जाने के बाद अब सड़क किनारे सजी मांसाहार की दुकानों को सड़क से हटा कर बाजार के पिछले हिस्से में शिफ्ट करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सीएमओ उपाध्याय ने बताया कि दुकानों की शिफ्ंिटग के लिए पिछले हिस्से की साफ-सफाई का काम शुरू कर दिया गया है। एक-दो दिन में सभी दुकानों को यहां शिफ्ट कर दिया जाएगा।

शाम होते तक फिर लग गए बाजार –
दोपहर को सड़क के दोनों किनारे से सब्जी व्यवसाईयों को हटाएं जाने के कुछ ही घंटे के बाद शाम होते-होते दोनों किनारों पर फिर से सब्जीयां बिकने लगी। विक्रेताओं पर ना तो अधिकारियों की समझाईश का असर पड़ा और ना ही चेतावनी का। ऐसे में देखना होगा कि आखिर किस तरह अधिकारी जशपुर फोरम में लिये गए निर्णय को जमीनी स्तर पर क्रियान्वित करती है।

‘‘विधायक रायमुनि भगत की अध्यक्षता में जशपुर फोरम की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर सड़क के किनारे लगी हुई सब्जी दुकानों को मंडी में स्थानांनतरित करने की कार्रवाई की गई है।’’
योगेश्वर उपाध्याय,सीएमओ,नपा,जशपुर।
