रायपुर में पत्नी से अफेयर के शक में किराएदार व्यापारी ने मकान मालिक की गला दबाकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार


रायपुर में पत्नी से अवैध संबंध के शक में एक किराएदार व्यापारी ने अपने मकान मालिक की गला दबाकर हत्या कर दी। यह घटना राखी थाना क्षेत्र के ग्राम गनोद की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान वेद राम साहू (45) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी का नाम पुरुषोत्तम धीवर (25) है। पुलिस के अनुसार, पुरुषोत्तम धीवर मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के धमनी गांव का रहने वाला है। वह गनोद में वेद राम साहू के मकान में किराए पर ऑटो पार्ट्स की दुकान चलाता था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने मकान मालिक की दुकान किराए पर लेकर ऑटो पार्ट्स की दुकान खोली थी। इसी दौरान पुरुषोत्तम की पत्नी का भी वहां आना-जाना लगा हुआ था। इसी बीच पुरुषोत्तम को शक हुआ कि वेद राम साहू का उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध हैं।
इस बात को लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद और गाली-गलौज भी हुई थी। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान इसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी पुरुषोत्तम ने वेद राम का गला दबा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। राखी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घटना स्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की।
शुरुआती जांच में हत्या की वजह पत्नी से अवैध संबंध होने का शक सामने आया है। पुलिस ने आरोपी किराएदार पुरुषोत्तम धीवर को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े बाकी पहलुओं की भी जांच कर रही है।
यह भी पता लगाया जा रहा है कि विवाद के दौरान मौके पर कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था या नहीं। फिलहाल मामले में जांच जारी है और पुलिस आज इसका खुलासा करेगी।
इससे संबंधित एक अन्य घटना में रायपुर में बीच सड़क गर्लफ्रेंड को जिंदा जलाकर मार डाला गया। पति से अलग रह रही महिला पर पेट्रोल डालकर आग लगाई गई थी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। रायपुर में बॉयफ्रेंड ने बीच सड़क गर्लफ्रेंड पर पेट्रोल उड़ेलकर उसे जला दिया। मौके पर पहुंचे लोगों ने आग बुझाई और महिला को मेकाहारा अस्पताल लेकर गए। सोमवार को गंभीर रूप से घायल महिला ने दम तोड़ दिया। वह करीब 60% तक झुलस चुकी थी। रायपुर ग्रामीण एसपी श्वेता सिन्हा ने पीड़िता की मौत की पुष्टि की है।




