रायपुर में ट्रांसपोर्ट कारोबारी का अपहरण, पुलिस ने देर रात बरामद कर आरोपियों को किया गिरफ्तार

राजधानी रायपुर के खमतराई इलाके में शुक्रवार रात ट्रांसपोर्ट कारोबारी प्रतीक राय के अपहरण का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात शुक्रवार रात करीब 9 बजे रांवाभाठा के डीएम टावर के पास हुई। ट्रांसपोर्ट कारोबारी प्रतीक राय अपने फ्लैट में थे। इसी दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो उनके भवन के बाहर आकर रुकी, जिसमें तीन युवक सवार थे।
तीनों युवक प्रतीक के फ्लैट पर पहुंचे और जरूरी बात करने की बात कहकर उन्हें नीचे बुलाया। प्रतीक उनके साथ नीचे आए और कुछ देर तक बातचीत हुई। इसके बाद युवकों ने उन्हें पकड़ लिया और जबरन स्कॉर्पियो में बैठाकर वहां से फरार हो गए।
घटना के बाद प्रतीक का मोबाइल बंद हो गया। पति के अचानक लापता होने से परेशान पत्नी अनिता राय ने खमतराई थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। परिवार के मुताबिक, अपहरण के बाद फिरौती के लिए कोई फोन नहीं आया।
जांच में कॉलोनी के एक युवक ने पुलिस को बताया कि उसे स्कार्पियो सवार युवकों में से दो के मोबाइल नंबर पता हैं। पुलिस ने इन नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और टावर लोकेशन की जांच शुरू की। इसके साथ ही डीएम टावर और आसपास के रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई।
पुलिस ने इसी जांच के आधार पर कारोबारी को देर रात बरामद कर लिया और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि मामला ट्रक के पैसों के लेनदेन से जुड़े विवाद का है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और अपहरण की वजह तथा आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।



