रायपुर में तंत्र-मंत्र का झांसा देकर महिला से 150 ग्राम सोने के जेवर और 9 हजार रुपए ठगे, 3 साधुओं के भेष में आरोपी फरार


छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में तंत्र-मंत्र और बीमारी ठीक करने का झांसा देकर एक महिला से करीब 150 ग्राम सोने के जेवर और 9 हजार रुपए ठग लिए गए। घटना गंज थाना क्षेत्र में फाफाडीह के जयलक्ष्मी कॉम्प्लेक्स की है। पुलिस शिकायत के मुताबिक, 3 आरोपी साधुओं के भेष में महिला के घर के आसपास पहुंचे और उन्होंने बीमारी तथा आंखों की परेशानी ठीक करने के साथ परिवार की समस्याएं दूर करने का भरोसा दिलाया।
जानकारी के मुताबिक, मार्च 2026 में 3 आरोपी साधु बनकर नैना परमार के घर के आसपास पहुंचे। बातचीत के दौरान उन्होंने महिला की बीमारी और आंखों से जुड़ी परेशानियों के बारे में ऐसी बातें बताईं, जिन्हें महिला ने अपनी निजी स्थिति से जोड़कर देखा। उसे लगा कि साधुओं को उसके बारे में विशेष जानकारी है। इसके बाद उन्होंने पूजा कराने की बात कही।
पहली बार आरोपियों ने करीब 3 ग्राम सोने की अंगूठी और 9 हजार रुपए लिए। आरोपियों ने पूजा पूरी होने के बाद सामान लौटाने की बात कही। पुलिस शिकायत के अनुसार, करीब 10-12 दिन बाद आरोपी दोबारा पहुंचे और करीब 5 ग्राम की सोने की चेन ली। इसके बाद उन्होंने मोबाइल नंबर देकर फोन पर संपर्क बनाए रखा।
आरोप है कि दो सप्ताह के अंदर घर आकर पूजा के नाम पर जेवर मांगते रहे। महिला ने करीब 7 बार में करीब 150 ग्राम सोने के जेवर दे दिए। इनमें अंगूठी, चेन, हार, चूड़ियां और कंगन शामिल हैं। आरोपी महिला को डराते थे कि यदि जेवर देने की बात किसी को बताई तो परिवार में अकाल मौत हो सकती है। परिवार के किसी सदस्य की अकाल मौत तक होने की बात कही गई। डर के कारण महिला ने कई महीनों तक पति और परिवार को कुछ नहीं बताया।
7 सितंबर से आरोपी दोबारा सोने-चांदी के जेवर और कैश मांगने लगे। महिला ने सामान नहीं होने की बात कही, लेकिन फोन आते रहे। 25 सितंबर की रात पति जसवंत परमार के घर लौटने पर महिला ने रोते हुए पूरी घटना बताई। इसके बाद पति गंज थाने पहुंचा।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। मोबाइल नंबर और बाकी तकनीकी सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है।
इससे संबंधित एक अन्य खबर के मुताबिक, अंधविश्वास में 5 साल में 83 हत्याएं हुई हैं और जादू-टोना के मामलों में छत्तीसगढ़ दूसरे नंबर पर है। रातों-रात अमीर बनने के लालच में लोग जान गंवा रहे हैं। तंत्र-मंत्र से पैसों की बारिश होगी, लगातार अनुष्ठान करूंगा, बलि देनी होगी तो गड़ा हुआ करोड़ों का खजाना मिल जाएगा, अदृश्य शक्तियां प्रसन्न होते ही किस्मत बदल जाएगी जैसे दावे सुनने में भले ही फिल्मों की कहानी लगें, लेकिन आज भी कई लोग इनके झांसे में आ रहे हैं।




