Uncategorized

मां के कथित संबंधों पर बेटे ने डंडे से पीट-पीटकर की हत्या, मां-बेटे गिरफ्तार

सूरजपुर जिले के भैयाथान विकासखंड के चेंद्रा चौकी क्षेत्र के पकनी गांव में मां के कथित संबंधों की बात सुनकर पहले से ही आक्रोशित चल रहे बेटे ने जब अपनी आंखों से वही दृश्य देख लिया, तो उसका गुस्सा इस कदर भड़क उठा कि उसने घर में रखे डंडे से गांव के एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद मामले को छिपाने के लिए मां-बेटे ने शव को ठिकाने लगाने की कोशिश भी की, लेकिन सफल नहीं हो सके। घर में शव पड़े होने की जानकारी बाहर आते ही मामले का राजफाश हो गया।

मृतक के स्वजन की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बेटे के साथ उसकी मां को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार पकनी निवासी प्रभु नारायण कुशवाहा उर्फ सूरज कुशवाहा (40) का गांव की ही चालीस वर्षीय महिला से कथित रूप से संबंध था। महिला का छोटा बेटा करण देवांगन चेन्नई में रहकर काम करता था। कुछ दिन पहले ही वह वापस गांव लौटा था। इस दौरान ग्रामीणों से उसे अपनी मां और प्रभु नारायण के बीच कथित संबंधों की जानकारी मिली। बताया जा रहा है कि इस बात को लेकर करण पहले से ही नाराज था।

गुरुवार शाम करण घर पहुंचा। इसी दौरान उसने अपनी मां और प्रभु नारायण को घर में आपत्तिजनक हालत में देख लिया। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद करण ने अपना आपा खो दिया और घर में रखे डंडे से प्रभु नारायण पर हमला कर दिया। उसने इतनी बेरहमी से मारपीट की कि प्रभु नारायण की मौत हो गई।

प्रभु नारायण की मौत के बाद करण और उसकी मां ने कथित तौर पर शव को ठिकाने लगाने का प्रयास किया, लेकिन इसमें सफल नहीं हो सके। शव घर में ही रह गया और घटना की जानकारी अन्य लोगों तक पहुंच गई। इसके बाद ग्रामीणों ने मृतक के भाई को इसकी सूचना दी।

मृतक के भाई ने चेंद्रा चौकी पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पूछताछ और जांच के बाद पुलिस ने करण देवांगन और उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

घटना में मां-बेटे को गिरफ्तार किया गया है। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने का प्रयास किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन ने मामले की जानकारी दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button