Uncategorized

रायपुर गणेश झांकी में चाकूबाजी रोकने पुलिस सख्त, 2250 से ज्यादा नुकीले कड़े बरामद; 55 से ज्यादा गिरफ्तार

रायपुर में गणेश विसर्जन और झांकियों के दौरान हर साल होने वाली चाकूबाजी की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुलिस ने इस बार गणेशोत्सव शुरू होते ही चाकूबाजों पर सख्ती शुरू कर दी थी। हर थाने में विशेष अभियान चलाया गया और क्राइम ब्रांच को अलग टास्क दिया गया। झांकी रूट में प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति की जांच का फैसला लिया गया।

झांकी वाली रात 9 बजे से तलाशी शुरू हुई तो चाकू-कैंची के साथ एक खौफनाक पैटर्न सामने आया। बड़ी संख्या में युवक साइकिल की चेन वाले चक्के जैसे आकार के नुकीले कड़े पहनकर झांकी में पहुंच रहे थे। तलाशी में 2250 से ज्यादा ऐसे कड़े और 30 से ज्यादा चाकू-कैंची बरामद हुए।

जांच के दौरान कई लोग शराब की बोतल लेकर झांकी में पहुंचे थे। ऐसे 55 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया। चाकू और अन्य आपत्तिजनक सामान के साथ मिले संदिग्धों को संबंधित थानों को सौंपा गया।

चेकिंग के दौरान पुलिस ने 15 से ज्यादा चोरी के वाहन बरामद किए।

पुलिस का दावा है कि कमिश्नरी लागू होने के बाद 25 साल में पहली बार झांकी के दौरान चाकूबाजी की घटना नहीं हुई। इस बार झांकियां देखने 5 लाख से ज्यादा लोग पहुंचे। पुलिस-प्रशासन के अनुसार पिछले साल के मुकाबले भीड़ 35 से 40 फीसदी ज्यादा थी।

भीड़ के बीच जयस्तंभ चौक पर मरीज लेकर पहुंची एंबुलेंस फंस गई। पुलिस व लोगों ने रास्ता बनाकर एंबुलेंस को बाहर निकाला।

सुरक्षा की तैयारी दो माह पहले शुरू हुई। रोज करीब 800 पुलिसकर्मी तैनात रहे। ड्रोन, आईटीएमएस और सीसीटीवी से निगरानी की गई। गणेशोत्सव रायपुर के लिए बड़ा त्योहार है। इसे देखते हुए करीब दो माह पहले से ही सुरक्षा की तैयारी शुरू कर दी गई थी। ऑफिस स्टाफ को भी सुरक्षा ड्यूटी में लगाया गया था।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा कि बेहतर तैयारी और सतर्कता की वजह से इस बार कोई बड़ी घटना नहीं हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button