Uncategorized

बिलासपुर में लड़कियों के दो गुटों में मारपीट, वीडियो वायरल; पुलिस बोली- न जानकारी, न शिकायत

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शुक्रवार देर रात लड़कियों के दो गुटों के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लड़कियां एक युवती को पीटती नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश थी। झांकी की रात इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद एक लड़की की लात-घूंसों से जमकर पिटाई की गई। किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कुदुदंड पुल के पास का है। वायरल वीडियो में नीले कपड़े में नजर आ रही युवती की पहचान तान्या अली के रूप में बताई जा रही है। पहले भी सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में इसके मारपीट का वीडियो वायरल हो चुका है। उस मामले में तत्कालीन सिरगिट्टी थाना प्रभारी किशोर केवट के कार्यकाल में केस दर्ज किया गया था।

हालांकि, मौजूदा घटना में पुलिस की ओर से कार्रवाई और पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि इस मामले की न ही जानकारी है और न ही शिकायत की गई है।

मारपीट के बाद इंस्टाग्राम पर स्टेटस लगाए जाने की बात भी सामने आई है। तान्या अली के इंस्टाग्राम अकाउंट से एक स्टेटस लगाए जाने की बात कही जा रही है। इसमें खुद को ताकतवर बताने संबंधी पोस्ट किए जाने का दावा किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और स्टेटस को लेकर पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं है कि मारपीट की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और इसमें कितने लोग शामिल थे। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर घटनाक्रम की जानकारी जुटा सकती है। पुरानी रंजिश, मारपीट और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने के पूरे मामले में संबंधित पक्षों के बयान के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

इससे संबंधित एक अन्य घटना रायगढ़ की है, जहां मरीन ड्राइव में 2 युवतियों ने मिलकर एक लड़की को पीटा। 19 वर्षीय पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके मुताबिक 2 नाबालिग युवतियां सेल्फी ले रही थीं, तभी पीड़िता पर उन्हें देखकर हंसने का आरोप लगाते हुए उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर थप्पड़ जड़े गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button