सांसद और विधायक के बाद अब मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का वॉट्सऐप हैक, छत्तीसगढ़ में वीआईपी बन रहे साइबर ठगी का शिकार
छत्तीसगढ़ की महिला-बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का वॉट्सऐप अकाउंट हैक हो गया है। ठग उनके नाम से लोगों को मैसेज भेजकर 32 हजार रुपए मांग रहे हैं। वहीं, उनके PA ओमप्रकाश राजवाड़े का भी वॉट्सऐप हैक कर 52 हजार रुपए की मांग की जा रही है। दोनों मामलों में ठग UPI ब्लॉक होने की बात कही गई है। मंत्री राजवाड़े ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। साइबर पुलिस मामले की जांच कर रही है। बता दें कि इससे पहले भी ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। कांग्रेस की राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम और विधायक तुलेश्वर मरकाम का वॉट्सऐप अकाउंट हैक कर ठगों ने उनके परिचितों से पैसों की डिमांड की थी। इसके अलावा पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह और छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सलीम राज का भी वॉट्सऐप अकाउंट हैक हो चुका है। केस 1 – मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का वॉट्सऐप हैक मंगलवार को महिला-बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े को उनके परिचित ने कॉल कर बताया कि उनके नाम से मैसेज भेजकर पैसों की मांग की जा रही है। कुछ देर बाद उनके PA ओमप्रकाश राजवाड़े को भी कॉल आया। जानकारी के अनुसार, वॉट्सऐप पर मदद के नाम पर 32 हजार और 52 हजार रुपए की मांग की गई। दूसरे मैसेज में UPI ब्लॉक होने का हवाला देकर ऑनलाइन पेमेंट करने को कहा गया। बार कोड स्कैन कर पैसे न भेजने की अपील वॉट्सऐप अकाउंट हैक होने की जानकारी मिलने के बाद लक्ष्मी राजवाड़े ने बयान जारी किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि उनके नाम से आने वाले किसी भी संदिग्ध मैसेज पर भरोसा न करें और किसी भी बार कोड को स्कैन कर पैसे न भेजें। इसके अलावा मामले की जानकारी साइबर थाना पुलिस को दे दी गई है। फिलहाल, साइबर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। केस 2 – सांसद फूलो देवी नेताम का वॉट्सऐप हैक 23 सितंबर को साइबर ठगों ने राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम का वॉट्सऐप अकाउंट हैक कर उनके परिचितों से पैसों की मांग की थी। ठगों ने हैक किए गए अकाउंट से छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की सोशल मीडिया प्रभारी उषा संतोष राठौर को मैसेज भेजकर 65 हजार रुपए मांगे थे। उषा राठौर ने तुरंत इसकी जानकारी सांसद फूलो देवी नेताम को दी थी। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया था कि उनका वॉट्सऐप अकाउंट हैक हो गया है और सासंद ने लोगों से निजी जानकारी साझा न करने की भी अपील की थी। केस 3 – विधायक के परिचितों से मांगे गए पैसे 23 सिंतबर को ही पाली-तानाखार विधानसभा से गोंगपा विधायक तुलेश्वर मरकाम के पास पार्सल से जुड़ा वाट्सऐप कॉल आया था। इस पर बातचीत के कुछ देर बाद उनका वाट्सऐप हैक हो गया। इनमें मैसेज भेजकर 76 हजार रुपए मांगे जा रहे थे। कई लोगों को लगा कि विधायक को वास्तव में पैसों की जरूरत है। वहीं, कुछ जागरूक लोगों ने विधायक को सीधे फोन कर इसकी जानकारी दी। इसके बाद पता चला कि उनका वाट्सऐप हैक हो चुका है और उनके नंबर से फर्जी मैसेज भेजे जा रहे हैं। विधायक ने सोशल मीडिया पर किया अलर्ट विधायक तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम ने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम लोगों को अलर्ट किया। उन्होंने सोशल मीडिया और फोन के जरिए बताया कि उनका नंबर हैक हो गया है। उन्होंने लोगों से पैसे मांगने वाले किसी भी मैसेज पर भरोसा नहीं करने की अपील की। केस- 4 पूर्व कांग्रेस विधायक को भी बनाया था निशाना 8 अगस्त को कांग्रेस के पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह का वॉट्सऐप अकाउंट ठगों ने हैक कर लिया था। ठग उनके नाम से परिचितों और समर्थकों को मैसेज भेजकर UPI बंद होने का हवाला देते हुए 28 हजार रुपए मांग रहे थे। साथ ही रात 8 बजे तक रकम लौटाने का वादा भी कर रहे थे। कुछ लोगों ने बृहस्पति सिंह से संपर्क कर इसकी जानकारी दी। इसके बाद ठगी की कोशिश का खुलासा हुआ। पूर्व विधायक ने रायपुर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। ………………….. इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें… BJP विधायक डिजिटल अरेस्ट, IB अधिकारी बनकर धमकाया: कहा- आप कोई भी हो, दिल्ली तलब होना पड़ेगा, पहलगाम आतंकी हमले में उपयोग हुआ नंबर रायपुर दक्षिण से भाजपा विधायक सुनील सोनी से साइबर ठगी की कोशिश हुई है। MLA के पास अज्ञात नंबर से कॉल आया था। ठगों ने उन्हें डिजिटल अरेस्ट कर लिया था। ठग ने उनसे इंटेलिजेंस ब्यूरो के अधिकारी बनकर बात की और 5 मिनट तक धमकाते रहे। पढ़ें पूरी खबर…


