छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 36 घंटे की लगातार बारिश थमी, रायपुर समेत कई हिस्सों में भरा पानी, महादेवघाट में 120 परिवारों का रेस्क्यू

छत्तीसगढ़ में करीब 36 घंटे हुई लगातार बारिश के बाद अब बारिश थम गई है। हालांकि, रायपुर समेत कई हिस्सों में पानी भर गया है। महादेवघाट पुल से 2 फीट ऊपर पानी बह रहा है। घाट किनारे बसे 120 परिवारों का रेस्क्यू किया गया है। हालात को देखते हुए यहां आज मूर्ति विसर्जन पर रोक लगा दी गई है। कल सुबह फिर विसर्जन किया जाएगा।

इधर बिलासपुर की अरपा नदी में गणेश विसर्जन के दौरान 2 बच्चे बह गए, जिनकी तलाश की जा रही है। रायपुर के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी फेस-2 के EWS B ब्लॉक में पूरा इलाका पानी में डूब गया है। सुरक्षा के चलते बिजली काटी गई है।

दक्षिण छत्तीसगढ़ बारिश से सबसे ज्यादा प्रभावित है। जगदलपुर के चिवनी, भाटी और लालबाग इलाकों में बाढ़ से लोगों के घरों का राशन बह गया। 100 से ज्यादा प्रभावितों को राहत शिविर में रखा गया है। बस्तर में सड़कें डूबी हुई हैं।

बारिश और बाढ़ के चलते 6 ट्रेनें और एक फ्लाइट कैंसिल की गई हैं। जगदलपुर से रायपुर रास्ता डायवर्ट किया गया है।

धमतरी में पानी भरे पुल को पार करते समय एक कार तेज बहाव में बह गई। कार में सवार दो लोगों ने कांच तोड़कर बाहर निकलकर जान बचाई।

गंगरेल डैम के 14 गेट से पानी छोड़ा जा रहा है। हालात को देखते हुए प्रदेशभर के सभी स्कूलों में आज छुट्टी कर दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button