Uncategorized

रायगढ़ में एसपी कार्यालय के सामने मारपीट और गाली-गलौज का वीडियो वायरल, सात लोगों पर मामला दर्ज

रायगढ़ पुलिस द्वारा इंटरनेट मीडिया एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर प्रसारित होने वाली घटनाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने मुख्य मार्ग पर मारपीट एवं गाली-गलौज की घटना से संबंधित प्रसारित वीडियो का स्वतः संज्ञान लिया गया, जिसमें सात लोगों पर नामजद अपराध दर्ज किया गया है।

दरअसल बीते दिन एसपी ऑफिस के सामने रुपाली गारमेंट्स संचालक एवं पूर्व पार्षद के भाई ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की थी। इस घटना के बाद दोनों पक्षों में जमकर बवाल हुआ। एसपी ऑफिस के सामने घटित इस घटना से दोनों वर्ग के समाज के लोगों का जमावड़ा एकत्रित हो गया, जिससे आवागमन ठप रहा।

इस घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हो गया। यह बवाल यहीं शांत नहीं हुआ, बल्कि आगे बढ़ते हुए लोग कोतवाली थाने आकर एकत्रित हो गए। यहां काफी हल्ला-हंगामा होने के बाद किसी तरह पुलिस ने सभी को खदेड़ा।

इसे लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं एवं अफवाहें फैलने तथा लोक शांति भंग होने की स्थिति निर्मित हो रही थी। ऐसे में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी ने वीडियो को सुरक्षित कर उसमें दिखाई दे रहे व्यक्तियों की पहचान की गई।

वीडियो के आधार पर बाबू, अनिल डालमिया, विक्की डालमिया, गोल्डी अंबानी, अन्नु डालमिया, हैप्पी डालमिया, विपिन मिश्रा एवं अन्य द्वारा सार्वजनिक मार्ग पर गाली-गलौज एवं मारपीट कर लोक शांति भंग करने की स्थिति उत्पन्न करना पाए जाने पर थाना कोतवाली में धारा 194 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

पुलिस द्वारा घटना से संबंधित वीडियो एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को संकलित कर आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था एवं लोक शांति भंग करने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित ऐसी घटनाओं का भी नियमानुसार संज्ञान लेकर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई से रायगढ़ पुलिस ने एक स्पष्ट संदेश शांति भंग करने वाले लोगों को दी है। देखा जाए तो सार्वजनिक स्थान पर कानून-व्यवस्था एवं लोक शांति भंग करने वाली किसी भी हरकत को रायगढ़ पुलिस गंभीरता से ले रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button