कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग की जर्जर हालत पर सवाल उठाए हैं। रतनपुर-पेंड्रा खंड पर सड़क की खराब स्थिति के कारण हाल ही में हुए एक बस हादसे में एक व्यक्ति की मौत के बाद लोगों में आक्रोश है।
.
6 दिसंबर को विधायक ने खुद सड़क का जायजा लिया और विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। यह नेशनल हाईवे गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले सहित अमरकंटक और जबलपुर को बिलासपुर-रतनपुर से जोड़ता है।
छत्तीसगढ़ को मध्य प्रदेश से जोड़ने वाली यह प्रमुख कड़ी है, लेकिन जगह-जगह गड्ढों और उखड़ी डामर के कारण इस पर सफर करना बेहद जोखिमभरा हो गया है।

कई स्थानों पर पैदल चलना भी मुश्किल
स्थिति में सुधार न होने पर कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने रतनपुर से केवची होते हुए पेंड्रा मार्ग का स्वयं जायजा लिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर सड़क की खराब स्थिति के वीडियो और तस्वीरें साझा करते हुए विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। विधायक ने कहा कि कई स्थानों पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रतनपुर-पेंड्रा एनएच पर चलना जान जोखिम में डालने जैसा है। गड्ढों के कारण वाहनों को नुकसान हो रहा है और यात्रियों को शारीरिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वैकल्पिक मार्ग पहले से ही बंद
आम लोगों के लिए अचानकमार टाइगर रिजर्व से होकर जाने वाला वैकल्पिक मार्ग पहले से ही बंद है। इसके अलावा, मरही माता-खोंगसरा-कोनचरा का रास्ता भी अब खराब हो चुका है, जिससे क्षेत्र के लोगों के पास सुरक्षित यात्रा के विकल्प लगभग न के बराबर बचे हैं।
विधायक अटल श्रीवास्तव ने सड़क निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द मरम्मत और उन्नयन का काम शुरू करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि विभाग ने समय पर कार्रवाई नहीं की, तो इस मुद्दे को विधानसभा और अन्य संबंधित मंचों पर प्रमुखता से उठाया जाएगा, क्योंकि इस एनएच पर हर दिन हजारों यात्रियों और वाहनों की सुरक्षा दांव पर लगी हुई है।

<
