Uncategorized

राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर CRPF का विशाल रक्तदान शिविर, 111 यूनिट रक्त संग्रहित

राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर 23 सितंबर को सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में विशाल रक्तदान शिविर लगाया गया। इस शिविर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

छत्तीसगढ़ सेक्टर के महानिरीक्षक कबीब के. के मार्गदर्शन में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के अधिकारियों और जवानों ने शिविर में सक्रिय भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम के संचालन और समन्वय की जिम्मेदारी 211वीं बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी एवं कमांडेंट इनचार्ज डॉ. विनोद कुमार टंडन को नोडल अधिकारी के रूप में दी गई। उन्होंने लोगों को रक्तदान के महत्व की जानकारी दी और अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया।

CRPF के अलग-अलग कार्यालयों और बटालियनों से पहुंचे अधिकारियों और जवानों ने उत्साह के साथ रक्तदान किया। इस दौरान कुल 111 यूनिट रक्तदान किया गया।

211वीं बटालियन ने शिविर स्थल पर हेल्पडेस्क और बूथ भी लगाया, जहां रक्तदाताओं और आने वाले लोगों को जरूरी सहायता दी गई। इस मौके पर सहायक कमांडेंट अनिल कुमार राय, चिकित्साधिकारी डॉ. देवीनेनी तपस्विनी सहित अन्य अधिकारी और जवान मौजूद रहे।

डॉ. विनोद कुमार टंडन ने कहा कि शिविर का उद्देश्य लोगों में रक्तदान को लेकर जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंदों को रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। रक्तदान के जरिए जरूरतमंद लोगों की जान बचाने में योगदान दिया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि देशसेवा केवल सीमा पर जाकर या वर्दी पहनकर ही नहीं, बल्कि रक्तदान जैसे कार्यों से भी की जा सकती है।

शिविर में प्रशासन, चिकित्सकीय दल, CRPF के अधिकारियों-जवानों और नागरिकों ने भागीदारी की। आयोजन के जरिए मानव सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और जरूरतमंदों की मदद का संदेश दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button