राजनीति

राज्य चुनाव आयोग और ईवीएम के खिलाफ कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, दुर्ग और रायगढ़ में कलेक्ट्रेट घेरने की कोशिश

छत्तीसगढ़ में राज्य चुनाव आयोग और ईवीएम के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और तीनों जिलाध्यक्षों के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दुर्ग और रायगढ़ समेत कई जिलों में उग्र प्रदर्शन किया। काले कपड़े पहनकर निकले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट का घेराव करने की कोशिश की, जहां पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी खींचतान और बैरिकेडिंग पर धक्का-मुक्की हुई।

दुर्ग के पटेल चौक पर पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान उग्र कार्यकर्ताओं ने वोट चोरी के गंभीर आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुतला फूंका।

स्थिति को देखते हुए दुर्ग कलेक्ट्रेट और भाजपा कार्यालय के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। वहीं, रायगढ़ में प्रदर्शनकारी कार्यकर्ता पुलिस बैरिकेड्स तोड़कर कलेक्ट्रेट की ओर आगे बढ़ गए।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर चुनाव आयोग और ईवीएम में गड़बड़ी (सेटिंग) कर सरकार बनाने का सीधा आरोप लगाया।

प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर मुख्य चुनाव आयुक्त को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करने और उनकी गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस पूरे इलाके में मुस्तैद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button