राजधानी रायपुर में मोटर पार्ट्स की बिक्री के नाम पर 6.82 लाख रुपए के गबन का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कंपनी के दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
.
मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने करीब 6.82 लाख रुपए के मोटर पार्ट्स बेचकर रकम हड़प ली। गिरफ्तार आरोपियों के नाम उत्कर्ष मंडल और कुलदीपक साहू बताए गए हैं।

खमतराई थाना पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ रामा मोटोकॉर्प प्राइवेट लिमिटेड मैनेजर ने शिकायत की थी।
मैनेजर ने की थी शिकायत
खमतराई पुलिस के अनुसार, रामा मोटोकॉर्प प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजर अंकुर जिंदल ने दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि कंपनी के कर्मचारी उत्कर्ष मंडल, हर्ष साहू, चेतन साहू, कुलदीपक साहू और लक्ष्मण साहू ने सितंबर 2025 से 12 अप्रैल 2026 के बीच कंपनी के मोटर पार्ट्स का गबन किया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस उपायुक्त (उत्तर) के निर्देश पर टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने उत्कर्ष मंडल और कुलदीपक साहू को पकड़कर पूछताछ की।
दोनों ने गबन की बात कबूल की। पुलिस ने उनके कब्जे से 5 हजार रुपए नगद भी बरामद किए हैं।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।
पार्ट्स बेचकर रकम जमा नहीं करते थे आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपी कंपनी के स्टॉक से मोटर पार्ट्स निकालकर बेच देते थे और रकम कंपनी में जमा नहीं करते थे। लंबे समय तक इस तरह की गड़बड़ी चलती रही, जिससे कंपनी को भारी नुकसान हुआ।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। वहीं मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
<
