रायपुर में चाकू की नोक पर फल कारोबारी से लूट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
.
ACCU और मौदहापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राशिद अली उर्फ राजा उर्फ बैझड़ और उसके साथी भिवेश दुबे को पकड़ा।
आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और लूटी गई रकम में से बची हुई नगदी बरामद की गई है।

मौदहापारा पुलिस आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच कर रही थी।
अब पढ़े क्या है पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी शेख साहिल ने थाना मौदहापारा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 11 मई 2026 की रात करीब 10:30 बजे तालाब पार इलाके में कल्लू गैरेज के पास कुछ युवकों ने उसे रोक लिया।
आरोपियों ने चाकू दिखाकर डराया और उसके पास रखी नगदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 84/2026 के तहत धारा 309(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मौदहापारा थाना और क्राइम ब्रांच रायपुर की संयुक्त टीम बनाई गई।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।
टीम ने इलाके में लगातार निगरानी रखी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्धों की गतिविधियों का विश्लेषण करने के दौरान मुख्य आरोपी राशिद अली उर्फ राजा बैझड़ का नाम सामने आया।
आदतन आरोपी है राशिद अली
जांच में पता चला कि आरोपी मूल रूप से टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर का रहने वाला है। पिछले कुछ समय से वह मौदहापारा इलाके में मस्जिद के पास एक खाली प्लॉट में रह रहा था। पुलिस को जानकारी मिली कि उसका भाठागांव, बैजनाथपारा, मौदहापारा और गोलबाजार समेत कई इलाकों में लगातार आना-जाना था।
संयुक्त टीम ने दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपी के मेमोरेंडम बयान के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू और लूट की रकम में से शेष नकदी जब्त की।

पुलिस ने आरोपियों का मौदहापारा में जुलूस भी निकाला।
पूर्व में भी जेल जा चुका आरोपी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार राशिद उर्फ राजा बैझड़ आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट, चाकूबाजी, लोगों को धमकाने, अवैध हथियार रखने और हत्या जैसे गंभीर मामलों में केस दर्ज हैं। आरोपी हत्या के एक मामले में जेल भी जा चुका है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शहर में हथियार लेकर घूमने वाले बदमाशों और आम लोगों में भय का माहौल बनाने वाले अपराधियों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
<
