राजनांदगांव में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर शिवनाथ नदी में आस्था की डुबकी लगाने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह 4 बजे से ही बड़ी संख्या में लोग शिवनाथ तट पर पहुंचने लगे, जिससे मोहारा रोड पर भारी ट्रैफिक जाम हो गया।
.
4 नवंबर से शुरू हुए मोहारा पुन्नी मेले में पुलिस को यातायात व्यवस्था संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। शहर में उपराष्ट्रपति के कार्यक्रम के कारण भी यातायात की स्थिति पहले से ही प्रभावित थी।
बालोद की ओर से आने-जाने का एकमात्र रास्ता मोहारा मेला स्थल से होकर गुजरता है, जिससे जाम की समस्या और बढ़ गई। यह क्षेत्र का सबसे बड़ा मेला माना जाता है, जो तीन दिवसीय है और 6 नवंबर की शाम को इसका समापन होगा।

200 जवानों की रही तैनाती
शहर सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पुन्नी स्नान के लिए शिवनाथ नदी किनारे पहुंचते हैं। दूर-दराज से व्यापारी भी मोहारा पहुंचकर नदी किनारे अपनी दुकानें लगाते हैं और झूले लगाकर बच्चों का मनोरंजन करते हैं।
नगर निगम प्रशासन ने महिला व पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग घाटों की व्यवस्था की है, जहां पर्याप्त लाइटिंग भी की गई है। घाटों पर महिला व पुरुष पुलिस जवानों के साथ-साथ गोताखोरों की टीम भी प्रमुख जगहों पर तैनात की गई है।
मेला स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 200 जवानों को तैनात किया गया है।

रूट पर भारी वाहन प्रतिबंधित
मेला स्थल पर रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति होगी, जिसके लिए स्थानीय कलाकारों और उनकी टीमों को मंच दिया गया है। इन कार्यक्रमों का लुत्फ उठाने के लिए भी रात में बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।
मेले में पहुंचने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने रूट पर भारी वाहनों को प्रतिबंधित कर दिया है। दल्लीराजहरा की ओर से आने वाले भारी वाहनों को ग्राम हल्दी तिराहा से सुरगी खुटेरी होते हुए डायवर्ट किया गया है।

<
