छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के जालमपुर वार्ड में तीसरे मोबाइल टावर के निर्माण को लेकर स्थानीय निवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया। वार्डवासियों का कहना है कि क्षेत्र में पहले से ही दो मोबाइल टावर मौजूद हैं, ऐसे में तीसरे टावर की आवश्यकता नहीं है।
.
वार्डवासियों ने एक दिन पहले नगर निगम और कलेक्ट्रेट में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन इसके बावजूद निजी जमीन पर टावर का निर्माण कार्य जारी रहा। इससे आक्रोशित होकर बुधवार (8 अक्टूबर) को वार्डवासी निर्माण स्थल पर पहुंच गए और काम रोकने की मांग की।

पार्षद औऱ महापौर भी पहुंचे
मौके पर धमतरी नगर निगम के महापौर रामू रोहरा और कई वार्डों के पार्षद भी पहुंचे। महापौर रोहरा ने वार्डवासियों को आश्वासन दिया कि जहां जनता टावर का निर्माण नहीं चाहती, वहां टावर नहीं लगेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहता है, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आवेदन के बाद भी नहीं रुका काम
वार्ड पार्षद संजय देवांगन ने बताया कि घनी आबादी वाले क्षेत्र में टावर का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बार-बार निवेदन किया था कि इसे न लगाया जाए, लेकिन कार्य नहीं रुका। वार्डवासियों के अनुसार, प्रस्तावित टावर स्थल से मात्र 50 मीटर की दूरी पर पहले से ही दो मोबाइल टावर स्थापित हैं।
महापौर ने दिया आश्वासन
महापौर रामू रोहरा ने वार्डवासियों की शिकायत का संज्ञान लेते हुए कहा कि टावर कंपनी ऐसी जगह टावर लगाने पर अड़ी है जहां यह नहीं लगना चाहिए, जिससे स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है। उन्होंने दोहराया कि जनता की इच्छा के खिलाफ कोई निर्माण नहीं होगा।
<
