![]()
मुंगेली कलेक्टर कुन्दन कुमार ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की धीमी प्रगति पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता (ईई) सहित पांच इंजीनियरों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और उनका आगामी वेतन रोकने के निर्देश दिए है
.
इसके साथ ही, एक हितग्राही को सोलर पैनल न लगाने वाले वेंडर पर एफआईआर दर्ज कराने का भी आदेश दिया गया है। कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में योजना की समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर ने जिले और विकासखंडवार प्रगति की जानकारी ली। लक्ष्य के अनुरूप धीमी प्रगति पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की।
इन अधिकारियों को नोटिस जारी
जिन अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, उनमें कार्यपालन अभियंता नंदराम भगत, मुंगेली ग्रामीण ए.ई. कामता प्रसाद बंजारे, लोरमी ए.ई. लव सिंह माथुर, ग्रामीण जे.ई. दिव्या यादव और टेमरी जे.ई. उमेन्द्र कश्यप शामिल हैं।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी – कलेक्टर
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना शासन की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसका उद्देश्य आम जनता को सौर ऊर्जा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक पात्र परिवार तक लाभ पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
शिकायत पर कार्रवाई के निर्देश
एक अन्य मामले में, कलेक्टर ने पीएम सूर्यघर योजना के तहत हितग्राही पूर्णिमा तिवारी को सोलर पैनल स्थापित न करने वाले वेंडर पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
पूर्णिमा तिवारी ने जीडीए इंटरप्राइजेस भाटागांव, रायपुर के एजेंट राहुल दुबे को अग्रिम राशि और बैंक ऋण के माध्यम से कुल 3 लाख 29 हजार रुपये का भुगतान किया था, लेकिन कंपनी ने अब तक सोलर पैनल नहीं लगाए हैं। पूर्णिमा ने जनदर्शन में इसकी शिकायत की थी।
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर लक्ष्य के अनुरूप अपेक्षित प्रगति लाने का निर्देश दिया है।
<
