Uncategorized

पत्थलगांव में विद्युत खंभा शिफ्टिंग के दौरान हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आए दो मजदूर, दोनों की मौत; दो गंभीर घायल

जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत पाकरगांव में सोमवार को सड़क चौड़ीकरण और पोल शिफ्टिंग कार्य के दौरान एक दर्दनाक विद्युत हादसा हो गया। गुडलक पेट्रोल पंप के सामने विद्युत खंभा हटाने के काम में लगे दो मजदूर अचानक हाई वोल्टेज करंट प्रवाहित तार की चपेट में आ गए।

हादसे में दोनों मजदूर बुरी तरह झुलस गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए सिविल अस्पताल पत्थलगांव ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मृतक मजदूरों की पहचान अलेख एक्का निवासी भेड़ीमुड़ा, पत्थलगांव और टोमन ध्रुव निवासी बाम्हनडीह पंचायत, फिंगेश्वर, जिला गरियाबंद के रूप में हुई है।

वहीं इस हादसे में दो अन्य मजदूर त्रिभुवन ध्रुव और लोचन मांझी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायल दोनों मजदूरों का इलाज पत्थलगांव के सिविल अस्पताल में जारी है।

घटना के वक्त सड़क किनारे पोल हटाने के दौरान अचानक चालू लाइन से खंभा या तार छू जाने के कारण यह हादसा होना बताया जा रहा है। अचानक हुए इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही पत्थलगांव थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर विद्युत विभाग और संबंधित ठेकेदार की लापरवाही की बिंदुवार जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button