Uncategorized

खपरगंज बवाल मामले में फरार आरोपित राम सिंह पन्ना से गिरफ्तार, कोर्ट में पेशी के बाद अंबिकापुर जेल भेजा

बिलासपुर के कोतवाली क्षेत्र के खपरगंज में 28 अगस्त की रात हुए बवाल के मामले में फरार चल रहे आरोपित राम सिंह को पुलिस ने मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद शनिवार को आरोपित को बिलासपुर लाकर कोर्ट में पेश किया गया।

कोर्ट में पेशी के दौरान कोर्ट परिसर में गहमागहमी रही। इसके चलते कोर्ट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। कड़ी सुरक्षा के बीच आरोपित को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।

जेल परिसर के बाहर भी आरोपित के समर्थक मौजूद रहे। वहीं, भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा। जेल के बाहर समर्थकों से ज्यादा पुलिस की तैनाती रही। आरोपित राम सिंह के जेल के अंदर जाते ही वहां मौजूद समर्थकों की भीड़ कम हो गई। इसके कुछ देर बाद ही जेल प्रबंधन ने राम सिंह को अंबिकापुर जेल ट्रांसफर कर दिया है।

गौरतलब है कि कोतवाली क्षेत्र के खपरगंज में दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद के बाद 28 अगस्त की रात जमकर बवाल हुआ। कुछ लोगों ने इसे सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की। इसके चलते दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ।

स्थिति बिगड़ते देख पुलिस की टीम ने हल्का बल प्रयोग करते हुए भीड़ को खदेड़ दिया। इस बीच आरोपित राम सिंह वहां से भाग निकला। घटना के बाद से वह लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था।

लगातार प्रयास के बाद पुलिस की टीम ने गुरुवार को मध्य प्रदेश के पन्ना में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद शनिवार को आरोपित को बिलासपुर लाकर कोर्ट में पेश किया गया।

इस बीच उसके समर्थक बड़ी संख्या में कोर्ट पहुंच गए। कोर्ट में आरोपित के समर्थकों ने नारेबाजी की कोशिश की। इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें कोर्ट परिसर से खदेड़ दिया। इसके बाद समर्थक जेल परिसर पहुंच गए।

पुलिस ने कोर्ट के निर्देश पर आरोपित को जेल भेज दिया है। भीड़ कम होते ही जेल प्रबंधन ने उसे अंबिकापुर जेल ट्रांसफर कर दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button