जशपुरनगर (द ब्लेज ई न्यूज)। बीते दिनों कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जशपुर फोरम की दूसरी बैठक का असर शहर में दिखने लगा है। बस स्टेण्ड से साप्ताहिक बाजार के बीच सड़क में कब्जा जमाएं बैठे सब्जी विक्रेताओं को सब्जी मंडी शिफ्ट करने के बाद शुक्रवार को नगर पालिका ने मटन-मछली की दुकानों को हटा कर पीछे की ओर शिफ्ट कर दी। कार्रवाई के दौरान जशपुर के एसडीएम विलासराव मस्के और नगर पालिका के सीएमओ योगेश्वर के साथ पालिका के कर्मचारी उपस्थित थे। सीएमओ उपाध्याय ने बताया कि साप्ताहिक बाजार के एक हिस्से में मांसाहार बाजार लंबे अर्से से संचालित किया जा रहा है। इनमें से कुछ दुकानें बस स्टेण्ड से विवेकानंद कालोनी होते हुए जिला पंचायत व कलेक्टर कार्यालय जाने वाली सड़क के किनारे अपनी दुकानें लगा ली थी। इन्हें हटाने की मांग नगरवासियों द्वारा लंबे समय से की जा रही थीं। उन्होनें बताया कि विगत दिनों कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जशपुर फोरम की दूसरी बैठक में सड़क किनारे से हटा कर पीछे की ओर शिफ्ठ करने की मांग नगरवासियों द्वारा की गई थी। इस पर विधायक गोमती साय और कलेक्टर रोहित व्यास ने नगरवासियों की मांग के अनुरूप कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। उनके निर्देश पर ही यह कार्रवाई की गई है।
मांसाहार मार्केट के लिए तैयार हुआ प्रस्ताव –
मांसाहार बाजार को शहर से बाहर शिफ्ट करने की तैयारी में नगर सरकार जुटी हुई है। सीएमओ ने बताया कि मांसाहार बाजार के लिए जशपुर टिकैतगंज रोड में करबला के पास की जमीन का चिन्हाकंन किया गया है। यहां सर्वसुविधायुक्त मांसाहार बाजार निर्माण के लिए 1 करोड़ का प्रस्ताव तैयार किया है। जल्द ही इसे स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जा रहा है। सीएमओ ने बताया कि प्रस्तावित बाजार में दुकानों के साथ व्यवसाईयों व ग्राहकों के लिए पानी,बिजली की सुविधाएं जुटाई जाएंगी। इसके साथ स्वच्छता के भी पुख्ता इंतजाम किया जाएगा। निर्मित दुकानों को वर्तमान में साप्ताहिक बाजार में मांसाहार दुकानों का संचालन कर रहे व्यवसाईयों को लाटरी सिस्टम से आबंटित किया जाएगा।
‘‘जशपुर फोरम की बैठक में लिये गए निर्णय के अनुरूप विधायक रायमुनि भगत और कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर कार्रवाई की गई है। मांसाहार बाजार निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। इसे स्वीकृति के लिए शासन के पास भेजा जाएगा।’’
योगेश्वर उपाध्याय,सीएमओ,नपा,जशपुर।
