![]()
जांजगीर-चांपा में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को NEET पेपर लीक मामले पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कचहरी चौक पर केंद्र सरकार और शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला भी फूंका गया। जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष पंकज शुक्ला ने नेतृत्व में यह प्रदर्शन किया गया, जिसमें प्रदर्शनकारी नेताओं ने NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की भी मांग की। आंखों में गया फायर पाउडर कचहरी चौक पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़प हुई। पुलिस ने पुतले में लगी आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान फायर ड्राई केमिकल पाउडर कुछ प्रदर्शनकारियों की आंखों में चला गया, जिससे वहां कुछ देर के लिए अव्यवस्था फैल गई। आंदोलन तेज करने की चेतावनी कार्यकर्ताओं ने इसे पुलिस की सख्ती बताया, जबकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखने की बात कही।घटना के बाद चौक पर कुछ देर तक तनाव का माहौल रहा। बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया। युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि NEET पेपर लीक मामले में कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो उनका आंदोलन और तेज किया जाएगा।
<
