Uncategorized

नौकरी के नाम पर ठगी: पूर्व जिला महामंत्री के बेटे प्रणव अवस्थी और साथी पर आरोप, पीड़ितों ने एसपी से की शिकायत

बलौदाबाजार में नौकरी के नाम पर ठगी का एक और मामला सामने आया है। भाजपा से निष्कासित पूर्व जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी के बेटे प्रणव अवस्थी और उसके साथी परख कश्यप पर यह आरोप लगा है। आरोप है कि दोनों ने शराब दुकान में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। उन्होंने दो युवकों से बड़ी रकम ली और बाद में उन्हें फर्जी नियुक्ति पत्र दे दिए। पीड़ितों ने इस मामले की शिकायत बलौदाबाजार एसपी से की है।

पीड़ितों की शिकायत के अनुसार, रसेडा निवासी सूरज चंदेल से 70 हजार रुपए की ठगी हुई। उसे 1 जून 2026 को शराब भट्टी लाहौद में विक्रेता के पद पर फर्जी नियुक्ति पत्र दिया गया था। इसी तरह, ग्राम सुंडेली के संतोष कुमार धीरहे से 80 हजार रुपए लिए गए। उन्हें शराब भट्टी रावन में सहायक के पद पर फर्जी नियुक्ति पत्र थमाया गया।

दोनों युवकों से 31 मार्च 2026 को नौकरी दिलाने का भरोसा देकर पैसे लिए गए थे। जब युवकों को लगा कि उनके नियुक्ति पत्र फर्जी हैं, तो उन्होंने प्रणव अवस्थी से अपने पैसे वापस मांगे। आरोप है कि प्रणव ने उन्हें वाट्सएप पर पैसे लौटाने की बात कहकर टालता रहा। आखिर में, पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक गौरव राय से मिलकर मामला दर्ज करने की मांग की।

शिकायत में बताया गया है कि प्रणव ने शराब दुकान में सेल्समैन की नौकरी लगवाने का भरोसा दिया था। पैसे लेने के बाद उसने नियुक्ति से जुड़े पत्र दिए। इन पत्रों में आबकारी आयुक्त, छत्तीसगढ़ कार्यालय का जिक्र था। पत्रों में कर्मचारियों के नाम, नियुक्ति की जगह और पद की जानकारी लिखी थी।

जब पीड़ितों को इन दस्तावेजों पर शक हुआ, तो उन्होंने विभाग से जानकारी लेने की कोशिश की। इसके बाद दस्तावेजों की सच्चाई पर सवाल उठे और पीड़ितों ने पुलिस से मदद मांगी।

शराब दुकान में नौकरी दिलाने के नाम पर प्रणव अवस्थी पर 50 हजार रुपए लेने की शिकायत पहले भी की जा चुकी है। इस मामले में पुलिस ने पहले ही एफआईआर दर्ज कर ली है।

कृष्णा अवस्थी और प्रणव अवस्थी के खिलाफ फर्जी दस्तावेज और नौकरी से जुड़े मामलों में पहले से पुलिस कार्रवाई चल रही है। कृष्णा अवस्थी को फर्जी ट्रांसफर आदेश के मामले में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद भाजपा ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया था। बताया गया है कि पिता-पुत्र, उनके एक मित्र, एक भाजपा नेता और दो आरएमए पहले से जेल में बंद हैं। पिता-पुत्र के खिलाफ तीन अलग-अलग थानों में अब तक चार मामले दर्ज हो चुके हैं।

सीटी कोतवाली थाना प्रभारी लकेश केवट ने बताया कि मामले में शिकायत की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button