नक्सलियों के खौफ में 25 साल गांव से दूर रहे BJP नेता, पिता-भाई को खोया; अब लौटे तो सुनाई दर्दभरी कहानी

बस्तर में करीब चार दशक से फैले सशस्त्र नक्सलवाद के खत्म होने के बाद अब उन लोगों की दर्दनाक कहानियां सामने आ रही हैं, जिन्होंने इसकी भारी कीमत अपनी जिंदगी और परिवार को खोकर चुकाई है। अबूझमाड़ के एक ऐसे ही शख्स, भाजपा नेता और ओरछा जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष मंगड़ू राम नुरेटी, नक्सलियों के खौफ के कारण लगभग 25 साल तक अपने पैतृक गांव से दूर रहे। इस दौरान वे जनप्रतिनिधि भी बने, लेकिन अपने गांव नहीं लौट सके। अब सशस्त्र नक्सलवाद के खात्मे के बाद वे अपने गांव लौटे हैं।
मंगड़ू राम नुरेटी ने दैनिक भास्कर के कैमरे पर अपनी जिंदगी के संघर्ष, नक्सलियों के आतंक और 25 साल बाद गांव लौटने की पूरी कहानी बताई। उन्होंने बताया कि जब वे करीब 21 साल के थे, तब नक्सलियों को उन पर पुलिस का मुखबिर होने का शक था। साल 1996 में एक चपरासी की भर्ती के लिए आवेदन करने हेतु जाति प्रमाण पत्र बनवाने वे नारायणपुर आए थे। इसी दौरान उनके कुछ विरोधियों ने नक्सलियों से शिकायत कर दी कि वे पुलिस की मुखबिरी करने नारायणपुर गए हैं। इसके बाद नक्सलियों ने उन्हें निशाना बनाया और उन्हें प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। उन्हें इतना टॉर्चर किया गया कि उनकी जान लेने की कोशिश की जाने लगी। बड़ी मुश्किल से वे गांव से निकलकर नारायणपुर पहुंचे, जहां उन्होंने एक आश्रम में काम किया। नक्सली वहां भी उनके पीछे पहुंच गए और लगातार तीन दिन तक उनकी तलाश की। इसकी जानकारी मिलने पर उन्हें दूसरी जगह भेज दिया गया, जहां उन्होंने चौकीदारी की। बाद में रोजी-रोटी न मिलने पर वे मजदूरी करने लगे और इस तरह परिवार के साथ जिंदगी आगे बढ़ाई।
नक्सलियों के शक के कारण मंगड़ू राम के पिता और बड़े भाई को भी निशाना बनाया गया। मंगड़ू राम के पिता उनसे मिलने आते थे, इसी बात को लेकर नक्सलियों ने उन्हें भी मार डाला। गांव वालों के सामने उनके बड़े भाई को पहले डंडे से बेरहमी से पीटा गया और फिर पत्थर से कुचलकर उनकी हत्या कर दी गई। उस समय परिवार पर जो बीती, उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। परिवार के जो सदस्य बचे थे, उन्हें लेकर मंगड़ू राम को गांव छोड़ना पड़ा। उन्होंने बताया कि एक नक्सली राधिका थी, जो उन्हें मारना चाहती थी, वहीं संगठन में पांडू नाम का एक नक्सली था, जो अबूझमाड़ डिवीजन का सचिव था और उन्हें बचाना चाहता था। मंगड़ू राम के लिए पांडू भगवान जैसा था।
गांव से दूर रहने के बावजूद मंगड़ू राम ने अपनी राजनीतिक यात्रा जारी रखी। साल 2003 में उन्होंने सरपंच का चुनाव लड़ा। उस समय वे अपने गांव नहीं गए थे। एक ग्राम सेवक उनके पास चुनाव का फॉर्म लेकर आए थे और उन्होंने मंगड़ू राम को जिताने का भरोसा दिया। उन्होंने नामांकन दाखिल किया और निर्विरोध चुनाव जीत गए। इसके बाद साल 2019 में उन्होंने फिर चुनाव लड़ा। इस बार उनके सामने चार प्रत्याशी थे, लेकिन इसके बावजूद वे चुनाव जीत गए। वे प्रचार के लिए गांव नहीं गए थे, बल्कि जहां-जहां बाजार लगता था, वहां जाते थे। बाजार में आसपास के गांवों के लोग आते थे और उन्हीं के बीच जाकर वे अपने पक्ष में प्रचार करते थे। लोगों ने उन पर भरोसा जताया और उन्हें जिताया।
नक्सलियों ने गांव छोड़ने के बाद भी मंगड़ू राम का पीछा नहीं छोड़ा। ओरछा की सड़क पर उन पर हमला किया गया और फायरिंग भी की गई, लेकिन वे बच गए। नारायणपुर में उनके घर पर भी नक्सली पहुंचे थे। उस समय वे वहां नहीं थे, क्योंकि उन्हें डॉ. रमन सिंह के रायपुर स्थित आवास पर बुलाया गया था। नक्सली घर के अंदर तक पहुंचे और उनकी तलाश की, लेकिन वे उन्हें नहीं मिले।
मंगड़ू राम 25 साल बाद 19 दिसंबर 2025 को अपने गांव कान्हा गांव गए। उन्होंने बताया कि इसकी वजह यह है कि अब बस्तर से सशस्त्र नक्सलवाद को खत्म किया गया है। हालांकि, आज भी वे गांव के अंदर सुरक्षाकर्मियों को साथ लेकर जाते हैं, क्योंकि डर अभी भी बना हुआ है। हाल ही में कई नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है, जिनसे उनकी मुलाकात हुई। उन नक्सलियों ने बताया कि वे कई बार उन्हें मारने आए थे और उनकी रेकी भी की थी। उन्होंने कहा कि अगर मंगड़ू राम उनके हाथ लग जाते तो वे उनके टुकड़े-टुकड़े कर देते। हर नक्सली और कमांडर के पास उनकी फोटो पहुंचाई गई थी। एक नक्सली महेश, जो 21 साल तक नक्सली संगठन में रहा, उसने बताया कि उसने मंगड़ू राम को सोनपुर बाजार में देखा था। उस समय उसके साथ कुछ और नक्सली भी थे, लेकिन वे उन्हें पहचान नहीं पाए थे। महेश ने बताया कि पहचानने के बावजूद उस समय वे मंगड़ू राम को पकड़ नहीं पाए थे।
भाजपा से जुड़े होने और सुरक्षा मिलने के बावजूद मंगड़ू राम आज भी जान का खतरा महसूस करते हैं। उन्हें दो सुरक्षा गार्ड मिले हुए हैं और वे मानते हैं कि इतने साल से सुरक्षा लेकर चलने के कारण ही वे जिंदा हैं। अगर सुरक्षा हटा दी गई तो खतरा बना रहेगा। उन्होंने गृह मंत्री से हाथ जोड़कर अपील की है कि कम से कम दो साल तक बस्तर में सीआरपीएफ और दूसरी सुरक्षा बलों की तैनाती कम न की जाए। साथ ही, जिन्हें सुरक्षा मिली हुई है, उनकी सुरक्षा भी कम नहीं होनी चाहिए। उनका मानना है कि सरकार भले कह रही है कि नक्सलवाद खत्म हो गया है, लेकिन नक्सली विचारधारा अभी खत्म नहीं हुई है। 40-50 साल से जिन लोगों के अंदर यह विचारधारा है, उसे इतनी जल्दी खत्म नहीं किया जा सकता। उन्हें भरोसा नहीं है कि फोर्स हटने के बाद ये लोग दोबारा हथियार नहीं उठाएंगे। आज भी अंदरूनी इलाकों में ऐसी सोच रखने वाले लोग मौजूद हैं और कई जगहों पर लोग विकास नहीं, विनाश चाहते हैं। नेलांगुर का इलाका भी ऐसा ही है और अर्बन नेटवर्क भी मौजूद हैं।
सशस्त्र नक्सलवाद खत्म होने के बाद अब अंदरूनी इलाकों में धीरे-धीरे बदलाव दिखाई देने लगा है। पहले गांवों में सड़कें नहीं थीं, स्कूल, आंगनबाड़ी और दूसरी सुविधाएं नहीं थीं। लोग 50 से 70 किलोमीटर दूर जाकर राशन लेते थे। अब उनके गांवों तक राशन दुकानें खुल रही हैं, सड़कें बन रही हैं, स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण हो रहा है। धीरे-धीरे गांव विकास की सीढ़ी चढ़ रहे हैं। पहले गांवों में विकास के काम नहीं हो पाते थे, लेकिन अब हथियारबंद नक्सलवाद खत्म होने के बाद सरकारी योजनाएं अंदरूनी इलाकों तक पहुंच रही हैं। यह बदलाव जरूरी है, क्योंकि वहां रहने वाले ग्रामीण भी बेहतर जिंदगी चाहते हैं।
जब मंगड़ू राम गांव नहीं पहुंच पाते थे, तब वहां के लोगों की समस्याएं सुनना और उनके लिए काम करना संभव नहीं था। नक्सलियों के डर से वे अंदर नहीं जा सकते थे और गांव के लोग भी अपनी समस्याएं खुलकर नहीं बता पाते थे। पहले गांवों में स्कूल, खेल मैदान, आंगनबाड़ी जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं थीं। अब धीरे-धीरे इनका निर्माण हो रहा है। नक्सलवाद का असर कम होने के बाद विकास के काम शुरू हुए हैं और आज गांवों में बदलाव दिखाई दे रहा है।
जिन नक्सलियों ने मंगड़ू राम के परिवार और भाजपा साथियों की हत्या की, उनमें से कई अब आत्मसमर्पण कर चुके हैं और सरकार उन्हें मुख्यधारा में जोड़ रही है। इस पर मंगड़ू राम ने गृह मंत्री विजय शर्मा से कहा है कि ऐसे लोगों को पालने से कुछ नहीं होगा। जिन्होंने उनके साथियों और निर्दोष ग्रामीणों की हत्या की है, उन्हें कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने मांग की है कि उन्हें चौराहे पर उल्टा कर टकाया जाए। उन्हें उनके किए की सजा मिलनी चाहिए। मंगड़ू राम ने अपनी जिंदगी में बहुत तकलीफ उठाई है। उन्होंने बताया कि गांवों में रहने वाले किसानों के खेत थे, उनके घर थे, उनकी अपनी जमीन थी, लेकिन नक्सलवाद के कारण कई लोग गांव छोड़कर शहरों में आकर बस गए। आज उनकी हालत बहुत खराब हो गई है। जो लोग अपने खेतों में खेती करते थे, वे शहरों में छोटे-मोोटे काम करने को मजबूर हैं। उनकी जिंदगी की तकलीफ वे अच्छी तरह जानते हैं।




