एमसीबी जिले के नगर पंचायत नई लेदरी में जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भरतपुर-सोनहत विधायक रेणुका सिंह ने सभी जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया और उन्हें आपस में समन्वय बनाकर काम करने की सलाह दी।
.
समारोह में विधायक रेणुका सिंह के साथ नगर पंचायत नई लेदरी के अध्यक्ष विजय सिंह राणा और मनेन्द्रगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव सहित कई पार्षद मौजूद रहे। विधायक ने सभी जनप्रतिनिधियों को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान सभी जनप्रतिनिधियों ने विकास से संबंधित अपने विचार भी साझा किए।

विधायक रेणुका सिंह ने किया जनप्रतिनिधियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान विधायक रेणुका सिंह ने बताया कि त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव और निकाय चुनाव में जीतकर आए जनप्रतिनिधियों के सम्मान में यह आयोजन किया जा रहा है। इससे पहले जनकपुर में भी ऐसा ही समारोह आयोजित किया गया था।
रेणुका सिंह ने विकास से जुड़े विचार शेयर किए
रेणुका सिंह ने अपने विधायक, सांसद और केंद्र में मोदी सरकार के साथ काम करने के अनुभव को साझा किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को जनप्रतिनिधियों का किस प्रकार का कार्य पसंद है, इसकी उन्हें जानकारी है। इसी को ध्यान में रखते हुए वे अपने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से लगातार मुलाकात करती हैं, ताकि अंतिम पंक्ति के हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।

जनप्रतिनिधियों को योजनाओं की जानकारी होना जरूरी
उन्होंने जोर दिया कि पंच, सरपंच, पार्षद और निकायों के अध्यक्ष जैसे निचले क्रम के जनप्रतिनिधियों को योजनाओं की पूरी जानकारी होना आवश्यक है। इस सम्मान समारोह का उद्देश्य विचारों का आदान-प्रदान करना और सभी को जागरूक करना है।
इस अवसर पर नगर पंचायत नई लेदरी के सीएमओ अंजना वायकल्स, विधायक प्रतिनिधि सरजू यादव और अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
<
