धमतरी में ‘आत्मनिर्भर भारत’ कार्यक्रम संपन्न हुआ। केंद्र सरकार के 2047 तक भारत को आत्मनिर्भर बनाने के विजन के तहत यह आयोजन किया गया। प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित किया और मीडिया से भी चर्चा की।
.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूरे देश में ‘आत्मनिर्भर भारत यात्रा’ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में धमतरी जिले के सामुदायिक भवन में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान कई महिला समूहों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जिनका निरीक्षण प्रभारी मंत्री ने किया और उनके द्वारा बनाए गए खाद्य पदार्थों का स्वाद भी चखा।

सिंहदेव के भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर मंत्री बचते नजर आए
मंच से संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि आत्मनिर्भरता का सबसे बड़ा उदाहरण कोविड-19 महामारी है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में 2047 तक भारत को आत्मनिर्भर बनाने की बात दोहराई।
मीडिया से चर्चा के दौरान, प्रभारी मंत्री से टी.एस. सिंहदेव के भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर सवाल पूछा गया। इस पर मंत्री जवाब देने से बचते नजर आए और उन्होंने कहा कि “वह खुद जानें”।

मंत्री वर्मा ने कहा कि भारत में आत्मनिर्भर भारत यात्रा एक बड़ा कार्यक्रम है, जो 2047 के विजन को पूरा करने की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि 2014 से भारत की अर्थव्यवस्था में सुधार हो रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में काम जारी है, जिसे 2047 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
<
