बिलासपुर2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पंजाब से ड्रग्स (MDMA) मंगाकर बेचने वाले ट्रांसपोर्टर समेत 2 तस्करों को ACCU और चकरभाठा पुलिस ने पकड़ा है। दोनों मंगलवार देर रात चकरभाठा में ड्रग्स की सप्लाई करने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। उनके पास से 2 लाख 60 हजार रुपए कीमती 26 ग्राम ड्रग्स बरामद किया गया है।
सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि, चकरभाठा क्षेत्र में सूखा नशा का कारोबार चलने की जानकारी मिल रही थी। जिस पर उन्होंने चकरभाठा पुलिस के साथ ही ACCU की टीम को संदेहियों की जानकारी जुटाकर नजर रखने के निर्देश दिए थे।
इस बीच मंगलवार की देर रात मुखबिर से खबर मिली कि, ग्राम रहंगी के खोलीभाटा मैदान में एक संदिग्ध कार सीजी 28 एल 8130 खड़ी है। कार के भीतर मौजूद दो युवक किसी बड़े ग्राहक की तलाश में हैं। उनके पास भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीला पदार्थ है।
ACCU की टीम के साथ घेराबंदी, MDMA ड्रग्स बरामद
इसकी जानकारी उन्होंने एसएसपी रजनेश सिंह को दी, जिसके बाद उनके मार्गदर्शन पर ACCU की टीम के साथ घेराबंदी की गई। इस दौरान पुलिस की गाड़ी को देखकर कार सवार दोनों आरोपी घबरा गए और कार स्टार्ट कर भागने की कोशिश करने लगे।
टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी कर कार को रोका और दोनों युवकों को नीचे उतारा। जब कार और युवकों की तलाशी ली गई, तो उनके पास से 26.05 ग्राम चमकीला नशीला पाउडर बरामद हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने कबूला कि वे इसे खपाने और मोटी रकम कमाने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे थे।
खुद के ट्रांसपोर्ट से युवक ने मंगाया था ड्रग्स
आरोपी चकरभाठा वार्ड नंबर 12 निवासी चंद्रेश बलेचा (29) ट्रांसपोर्ट का कारोबार करता है। उसने अपने ट्रांसपोर्ट से पंजाब बॉर्डर के तस्कर से संपर्क कर पाउडर मंगाया था। जिसे चकरभाठा के महेश वर्मा (21) के साथ मिलकर महंगी कीमत के बेचने की फिराक में थे। उन्होंने इसके लिए कुछ लोगों से सौदा भी तय कर रखा था।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई, दोनों भेजे गए जेल
आरोपियों से मिले 2.60 लाख रुपए कीमत की ड्रग्स (एमडीएमए), एक कार समेत 13 लाख रुपए का माल जब्त किया है। पुलिस ने चकरभाठा निवासी चंद्रेश बलेचा और महेश वर्मा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है। मंगलवार दोपहर दोनों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर पुलिस ने जेल दाखिल किया है।

<
