![]()
बिलासपुर में MBA में एडमिशन दिलाने के नाम पर 3 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठग ने खुद को प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान का अफसर बताकर फेसबुक में विज्ञापन दिया था। जिसके माध्यम से महिला ने अपने बेटे का दाखिला दिलाने के लिए उससे संपर्क किया। जिसके बाद ऑनलाइन पैसे भी दे दी। ठगी का मामला सामने आने पर महिला ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शांति नगर के शिवम रेसिडेंसी निवासी महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें बताया गया कि फेसबुक में विज्ञापन दिया गया था, जिसमें प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में एडमिशन दिलाने का दावा किया गया था। विज्ञापन देखकर महिला ने अपने बेटे के एडमिशन के लिए दिए गए नंबर पर संपर्क की, तब सामने वाले ठग ने खुद को प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय का अधिकारी बताया। इस दौरान उसने महिला के बेटे का एमबीए में प्रवेश कराने का भरोसा दिलाया। भरोसे में लेकर किश्तों में ट्रांसफर कराए रुपए
बातचीत के दौरान कथित अफसर ने महिला को पहले भरोसे में लिया। जिसके बाद प्रोसेसिंग फीस, सीट आरक्षण और अन्य शुल्क के नाम पर अलग-अलग किस्तों में 3 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। जिसके बाद एडमिशन के लिए महिला को अपने बेटे को लेकर दिल्ली बुलाया गया। न तो ऑफिस का ठिकाना, मोबाइल भी बंद मिला
शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी ने पीड़िता को 11 मई 2026 को दिल्ली बुलाया था, जहां प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने का झांसा दिया गया। लेकिन, जब महिला अपने बेटे को लेकर दिल्ली पहुंचीं तो आरोपी न तो तय स्थान पर मिला और न ही उसने फोन या मैसेज का जवाब दिया। इसके बाद सभी संपर्क माध्यम बंद हो गए। प्लानिंग के तहत की गई धोखाधड़ी
पीड़िता का आरोप है कि यह पूरी घटना सुनियोजित साइबर ठगी का हिस्सा थी, जिसमें फेसबुक विज्ञापन और डिजिटल माध्यमों का दुरुपयोग कर धोखाधड़ी की गई। इस मामले में 3 लाख रुपए की आर्थिक क्षति के साथ मानसिक तनाव और यात्रा खर्च का भी नुकसान हुआ है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं सहित आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
<
