नौकरानी ने 75 वर्षीय बुजुर्ग रेलकर्मी को फंसाया, 15 लाख रुपए वसूल लिए
दुर्ग जिले में 75 वर्षीय रिटायर्ड रेल कर्मचारी को उनकी नौकरानी ने बलात्कार के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 15 लाख रुपए वसूल लिए। आरोपी महिला ने वसूली के पैसे से एक प्लॉट खरीदा और करीब 5 लाख रुपए बैंक अकाउंट में जमा किए थे। रिटायर्ड रेलकर्मी की शि
.
बुजुर्ग अकेले रहते थे, 2018 में रखी थी नौकरानी
यह मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, 75 वर्षीय बुजुर्ग रेलवे से रिटायर्ड हैं और पत्नी के निधन के बाद वार्ड 24, बीएमवाई चरोदा के घर में अकेले रहते थे। उन्होंने 2018 में घर के कामकाज और खाना बनाने के लिए एक महिला को 10 हजार रुपए मासिक वेतन पर नौकरानी रखा था।

रेप के झूठे केस में फंसाने की दी धमकी
शुरुआत में सब ठीक रहा, लेकिन कुछ साल बाद महिला ने काम में लापरवाही और झगड़ा शुरू कर दिया। जब बुजुर्ग ने आपत्ति जताई, तो नौकरानी ने विवाद करना शुरू कर दिया और उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी दी।
धमकियों से डरकर बुजुर्ग ने दिए 15 लाख रुपए
एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि आरोपी महिला बुजुर्ग से कहती थी कि वह पुलिस में जाकर उनके खिलाफ बलात्कार और अपनी नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ की झूठी शिकायत दर्ज करवा देगी। वह बड़े अधिकारियों से संबंध होने का हवाला देकर भी बुजुर्ग को डराती थी। इन धमकियों से डरकर पीड़ित ने पहले तीन लाख, फिर सात लाख और बाद में पांच लाख रुपए चेक के माध्यम से महिला को दे दिए।
15 लाख वसूलने के बाद 40 लाख की मांग की
15 लाख रुपए वसूलने के बाद भी आरोपी की मांग बढ़ती गई और उसने 40 लाख रुपए की और मांग रख दी। लगातार ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर बुजुर्ग ने अंततः पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुरानी भिलाई पुलिस ने अपराध क्रमांक 370/2025 धारा 308(6) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया।

वसूले गए रकम से प्लॉट खरीदा, बैंक में जमा किए पैसे
पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने बुजुर्ग से 15 लाख रुपए वसूलने की बात कबूल कर ली। जांच में खुलासा हुआ कि इस रकम से उसने पंचशील नगर में एक प्लॉट खरीदा था और करीब 5 लाख रुपए बैंक खाते में जमा किए थे। पुलिस ने प्लॉट और बैंक खाते की राशि को जब्त कर लिया है।
जेल भेजी गई आरोपी महिला
आरोपी महिला को 27 सितंबर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
<
