जमीन बंटवारे के विवाद में 85 वर्षीय बुजुर्ग की टांगिया से वार कर हत्या, भतीजा फरार

कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया में जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद ने रविवार अलसुबह खूनी रूप ले लिया। गांव के सीपतपारा निवासी 85 वर्षीय बबन राम यादव की उनके भतीजे सोनू उर्फ अशोक यादव (23 वर्ष) ने सिर पर टांगिया से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, बबन राम यादव और उनके भतीजे सोनू उर्फ अशोक यादव के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। रविवार सुबह करीब 5.30 बजे इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच पुन: कहासुनी शुरू हुई।
विवाद बढ़ने पर सोनू ने टांगिया से बबन राम के सिर पर वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही बेसुध हो गए। घटना के बाद आरोपित वहां से भाग गया।
बाद में जब घटना की जानकारी ग्रामीणों को मिली, तब वहां भीड़ लग गई। इस बीच किसी ने पसान पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पसान पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही वैधानिक कार्रवाई कर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद हत्या का कारण सामने आया है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
घटना के बाद से फरार आरोपित सोनू उर्फ अशोक यादव को पकड़ने पुलिस लगातार दबिश दे रही है और पतासाजी में जुटी है। पुलिस का कहना है कि आरोपित के पकड़े जाने के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।




