धमतरी में शुरू हुई ‘शासन आपके द्वार’ पहल
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में प्रशासन ने ‘शासन आपके द्वार’ नामक एक नई पहल शुरू की है। इसका उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों तक सरकारी सेवाएं पहुंचाना है। कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कलेक्टोरेट परिसर से इस रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
.
इस अभिनव परियोजना के तहत, ग्रामीणों को अब प्रमाण पत्र, पेंशन आवेदन, आधार अपडेट, किसान पंजीकरण और राजस्व संबंधी सेवाओं सहित 39 प्रमुख शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए शहर या ब्लॉक मुख्यालय आने की आवश्यकता नहीं होगी। ये सेवाएं सीधे उनके ग्राम पंचायत स्तर पर ही उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके लिए एक विशेष मोबाइल वैन को ‘शासन आपके द्वार’ रथ के रूप में तैयार किया गया है। यह वैन निर्धारित तिथियों पर विभिन्न ग्राम पंचायतों में पहुंचेगा, नागरिकों से आवेदन प्राप्त करेगा और उन्हें संबंधित विभागों तक भेजकर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करेगा।

कलेक्टर ने किया ‘शासन आपके द्वार’ रथ का शुभारंभ
कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने बताया कि जिस दिन यह रथ किसी ग्राम पंचायत में पहुंचेगा, उसी दिन विभागों द्वारा मौके पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इससे नागरिकों की समस्याओं का तुरंत समाधान किया जा सकेगा। रथ पर सभी विभागों की प्रमुख सेवाओं की सूची और संपर्क जानकारी भी प्रदर्शित रहेगी।
कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि ‘शासन आपके द्वार’ पहल से विभागों के बीच समन्वय बेहतर होगा, सेवा प्रदाय की गति और दक्षता बढ़ेगी। साथ ही, शासन की योजनाओं के प्रति जन जागरूकता में भी वृद्धि होगी। उन्होंने इसे सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया, जो ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन की पहुंच को मजबूत करेगा।
<
