कोरबा में तीन सहेलियों की तालाब में डूबने से मौत, एक को बचाने उतरीं दो अन्य


छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में नहाने गईं तीन सहेलियों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। यह घटना पाली थाना क्षेत्र के नुनेरा गांव की है। तीनों सहेलियां गुरुवार को स्कूल नहीं गई थीं और दोपहर में तालाब में नहाने पहुंची थीं। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, इंदु अगरिया (7) पिता दुर्जन, राखी (8) पिता मलखम और साधना (8) पिता सुखसिंह नुनेरा गांव की रहने वाली थीं। तीनों सहेलियां कक्षा पहली में पढ़ती थीं और किसान परिवार से थीं। गुरुवार को उनके परिवार के सदस्य काम करने गए थे। इस दौरान तीनों सहेलियां स्कूल नहीं गईं और दोपहर में तालाब में नहाने चली गईं।
शाम को उनके परिजन घर लौटे तो तीनों घर पर नहीं थीं। काफी देर तक बच्चियों के घर न लौटने पर परिजन और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। तलाश करते हुए एक ग्रामीण तालाब पहुंचा। तालाब की मेड़ पर बच्चियों के चप्पल और कपड़े मिले। इसी दौरान एक नाबालिग का शव तालाब के पानी में तैरता दिखाई दिया।
ग्रामीण ने तुरंत परिजनों और अन्य लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से इंदु के शव को तालाब से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर बाकी दोनों बच्चियों की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद राखी और साधना के शव भी तालाब से बरामद कर लिए गए।
पुलिस ने मर्ग कायम कर तीनों शवों का पंचनामा किया। इसके बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि जब तीनों सहेलियां तालाब में नहाने गईं, उस समय वहां कोई और मौजूद नहीं था। आशंका है कि नहाने के दौरान पहले एक बच्ची डूबने लगी होगी। उसे बचाने की कोशिश में बाकी दोनों सहेलियां भी पानी में उतर गई होंगी और तीनों डूब गईं होंगी।
पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वहां एक बच्ची का शव तालाब के पानी में तैरता मिला। इसके बाद बाकी दो बच्चियों की तलाश शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव भी बरामद कर लिए गए। पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है।




