कोरबा में साइबर चौपाल: मंत्री देवांगन ने दिलाई साइबर सुरक्षा की शपथ, SP ने बताए OTP फ्रॉड से बचने के उपाय


छत्तीसगढ़ में साइबर जागृति अभियान के तहत बुधवार, 1 अक्टूबर को कोरबा नगर निगम सभागृह में “साइबर चौपाल” का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और आम लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। इस अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने कार्यक्रम में OTP फ्रॉड, अनजान लिंक और ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों से बचने के उपाय बताए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे OTP और बैंक की गोपनीय जानकारी किसी से भी साझा न करें।
मंत्री लखन लाल देवांगन ने उपस्थित जनसमुदाय को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई।
बताया गया कि 15 अगस्त से चल रहे इस अभियान के तहत स्कूल, कॉलेज और ग्राम पंचायतों में जागरूकता फैलाई जा रही है।
पुलिस ने साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर संपर्क करने की सलाह दी है।




