Uncategorized

झीरम घाटी नरसंहार: NIA ने 39 को बनाया था आरोपी, 14 सरेंडर कर सामान्य जीवन जी रहे हैं – विजय शर्मा

झीरम घाटी नरसंहार मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी NIA ने 39 लोगों को आरोपी बनाया था। इनमें से 14 लोग सरेंडर करके सामान्य जिंदगी जी रहे हैं। यह जानकारी डिप्टी सीएम और गृहमंत्री विजय शर्मा ने दी।

विजय शर्मा गुरुवार को जगदलपुर पहुंचे थे। बुधवार को NIA की स्पेशल कोर्ट ने इस केस में 10 आरोपियों को फांसी की सजा सुनाई थी, उसके अगले दिन विजय शर्मा मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर मीडिया से बात कर रहे थे।

विजय शर्मा ने बताया कि उनकी जानकारी के हिसाब से NIA ने 39 लोगों को आरोपी बनाया था। ये सभी माओवादी संगठन के अलग-अलग पदों पर थे। इनमें से 9 न्यूट्रलाइज हो चुके हैं, 11 पर कोर्ट का फैसला आ चुका है। इनमें से एक की मौत हो चुकी है। 14 लोग सरेंडर करके पुनर्वासित हैं।

उन्होंने कहा कि NIA की जांच बहुत सटीक है, जिस पर बेवजह राजनीति करने की कोशिश की गई। NIA की सही जांच के आधार पर ही NIA कोर्ट ने छत्तीसगढ़ के न्यायिक इतिहास का सबसे बड़ा फैसला सुनाया है।

NIA की जांच पर सवाल उठाने वाले कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तंज कसते हुए विजय शर्मा ने कहा, मुझे बताओ किसकी जेब में झीरम के सबूत थे। उन्होंने 5 साल मुखिया बनकर सरकार चलाई और उसके बाद भी किसी को सबूत नहीं दिया।

विजय शर्मा ने कहा कि वे आज भी कह रहे हैं कि लोगों के पास जांच एजेंसियों के पास जाकर अपनी बात रखने का ऑप्शन खुला है। सबूत देना छोड़कर वो कहीं चाय-पान की दुकान पर बात करते हैं तो हमें कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन जहां जाकर अपनी बात कहनी है वहां जाकर क्यों नहीं कहते।

कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि सरकार माओवाद मुक्त ग्राम पंचायतों को एक-एक करोड़ रुपये देने का वादा पूरा नहीं कर रही है। इस सवाल पर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि उनको पता ही नहीं कि मसला क्या है।

हमने तय किया था और आज भी उसी दिशा में काम चल रहा है कि ऐसी पंचायतें जिसे जिले के कलेक्टर, एसपी और प्रशासन मिलकर तय करेंगे कि वहां विकास की जरूरत है। गांव तक जाने के लिए अच्छी सड़क नहीं है, स्कूल, अस्पताल, बुनियादी जरूरतों की कमी है, उनका नाम तय करके बताया जाएगा। पंचायतों ने अगर लोगों को बुलाकर पुनर्वास कराया है और आगे बढ़कर माओवाद मुक्त करने में साथ दिया है, तो सरकार की तरफ से एक करोड़ रुपये विकास कामों के लिए देने का प्रावधान था। ऐसी कुछ पंचायतों को राशि दी जा चुकी है, बाकी को प्रक्रिया के तहत दी जाएगी। कांग्रेस कुछ भी बयान देकर जनता से मजाक कर रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर दीपोत्सव के आयोजन पर बात करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि पहले मुख्यमंत्री और अब प्रधानमंत्री के तौर पर मिलाकर 25 साल पूरे हो गए हैं। वे प्रण-प्राण से देश की सेवा कर रहे हैं। देश और समाज के लिए उन्होंने बहुत मेहनत की है। जनता दीप जलाकर उन्हें आशीर्वाद दे रही है।

प्रधानमंत्री के संकल्प के हिसाब से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में माओवादी संगठन पूरी तरह खत्म हो गया है। आज बस्तर के लोग कह रहे हैं कि उनको ऐसा लग रहा है जैसे अभी देश आजाद हुआ है। इस दौरान वन मंत्री केदार कश्यप, महापौर संजय पांडे भी मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button