जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कंटेनर से 65 गौवंश मुक्त, 2 की मौत; एक आरोपी गिरफ्तार

जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन शंखनाद के तहत गौ-तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम खंटाडांड़ में एक कंटेनर ट्रक से 65 गौवंश बरामद किए हैं। इनमें से 2 गौवंश की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने झारखंड के गुमला निवासी रेहान अंसारी (उम्र 34 साल) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर की सुबह करीब 4:30 बजे मुखबिर की सूचना पर ग्राम पेटा में नाकाबंदी की गई थी। संदिग्ध कंटेनर चालक पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे खंटाडांड़ में पकड़ लिया गया। कंटेनर में गौवंशों को अमानवीय तरीके से ठूंसकर भरा गया था।
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर ट्रक क्रमांक NL-01-AB-7655 जब्त कर लिया है। इसके अलावा गौ-तस्करी के लिए रास्ते की रेकी करने में इस्तेमाल की जा रही मारुति सुजुकी एस-प्रेसो कार क्रमांक JH-01-BR-9492 भी जब्त की गई है। कार से जुड़ा आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, गौवंशों को अंबिकापुर की ओर से झारखंड ले जाया जा रहा था। मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस ने जनवरी 2026 से अब तक गौ-तस्करी के 98 मामलों में 1,108 गौवंश मुक्त कराए हैं, 131 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और 36 वाहन जब्त किए हैं।
पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।




