Uncategorized

इलाज के बहाने पत्नी को ले गया पति, सुबह बोलेरो में मिली लाश; जशपुर में हत्या का खुलासा

जशपुर पुलिस ने चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी की हत्या करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी पति कोलो राम, जो ग्राम लरंगा में एक बालक छात्रावास में प्रभारी अधीक्षक के रूप में कार्यरत था, पर अपनी पहली पत्नी इन्द्रमुनी की टांगी और डंडे से पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप है। यह घटना बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम रनपुर में हुई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

समाचार फोटो

मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतिका के पुत्र रोशन कुमार (20 वर्ष) ने 08 नवंबर 2026 को बगीचा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रोशन ने बताया कि उसके पिता कोलो राम ने लगभग एक वर्ष पूर्व एक अन्य महिला को अपनी पत्नी बनाकर रखा था और तब से पंडरा पाठ क्षेत्र में रहते थे। जब भी कोलो राम अपने पैतृक गांव रनपुर आते थे, तो वे अपनी पहली पत्नी इन्द्रमुनी के साथ चरित्र शंका को लेकर विवाद और मारपीट करते थे।

इसी क्रम में, 07 नवंबर 2026 की रात लगभग 08:30 बजे, आरोपी कोलो राम ग्राम रनपुर स्थित अपने घर पहुंचा। उसने दरवाजा खुलवाकर घर में प्रवेश किया और अपनी पत्नी इन्द्रमुनी के कमरे में जाकर चरित्र शंका करते हुए गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि उसने इन्द्रमुनी को जान से मारने की धमकी दी और घर में रखी टांगी के पासा से उसकी पीठ पर दो बार वार किया। इसके बाद, वह इन्द्रमुनी को घर से बाहर खींचकर ले गया और गांव के पड़ोसियों के घर के सामने चरित्र शंका को लेकर गाली-गलौज करते हुए डंडे से मारपीट करने लगा।

प्रार्थी रोशन कुमार और अन्य लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की और आरोपी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कोलो राम नहीं माना। किसी तरह उसे इन्द्रमुनी से अलग किया गया, जिसके बाद आरोपी वापस पंडरा पाठ चला गया। मारपीट के कारण इन्द्रमुनी की पीठ और हाथों में चोटें आई थीं। रोशन और उसका छोटा भाई अपनी मां को उठाकर घर ले आए और उसे सुला दिया।

कुछ देर बाद, आरोपी कोलो राम फिर से रनपुर घर वापस आया और अपनी पत्नी को उपचार के लिए बोलेरो वाहन से ले जाने की बात कही। वह रात में इन्द्रमुनी को अपने साथ लेकर चला गया। अगली सुबह, 08 नवंबर 2026 को लगभग 06:00 बजे, रोशन ने घर के पास खड़ी बोलेरो का दरवाजा खोलकर देखा तो उसकी मां इन्द्रमुनी बीच वाली सीट पर मृत अवस्था में पड़ी हुई थी। आरोपी पिता कोलो राम उस समय आसपास मौजूद नहीं था।

प्रार्थी रोशन कुमार की रिपोर्ट पर थाना बगीचा में अपराध क्रमांक 295/2028, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया और विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने तत्काल घटना स्थल का निरीक्षण किया, शव का पंचनामा तैयार किया और मृतिका के शव का पोस्टमार्टम कराया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति कोलो राम को गिरफ्तार कर लिया। जांच में उसके विरुद्ध अपराध के पर्याप्त सबूत पाए जाने पर उसे विधिवत न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त टांगी, डंडे और बोलेरो वाहन को भी जब्त कर लिया है। इस मामले की कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी बगीचा निरीक्षक विक्रांत कुमार सोन, उप निरीक्षक अर्जुन यादव, सहायक उप निरीक्षक नरेन्द्र मिंज और थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अग्रिम वैधानिक कार्यवाही जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button