छत्तीसगढ़ के आयरन-स्टील सेक्टर के कारोबारी और उनसे जुड़े लोगों के इनकम टैक्स के अफसरों की कार्रवाई शनिवार को तीसरे दिन भी जारी है। आयकर विभाग की टीम ने 4 दिसंबर की सुबह छापा मारा था, तब से जांच जारी है।
.
इन कारोबारियों के यहां रेड के बाद इनकम टैक्स के अफसरों ने 300 करोड़ से ज्यादा के टैक्स चोरी के संकेत दिए है। छापेमार टीम में 200 अधिकारी जुटे है। आईटी के अफसरों ने 7 दिसंबर यानि आज शाम तक छापे की कार्रवाई कंपलीट होने की संभावना जताई है।

रेड के दौरान सिक्योरिटी के लिए तैनात फोर्स।
बड़े स्तर पर टैक्स चोरी की जांच
IT अफसरों ने कारोबारियों के बयान भी दर्ज किए हैं। उनके ठिकानों पर जांच के दौरान फर्जी बिलिंग, सर्कुलर रूटिंग, इंटर-कंपनी एंट्रीज और खर्चों को बढ़ाकर दिखाने जैसे तरीकों से बड़े स्तर पर टैक्स चोरी की है। इस नेटवर्क से 20 से ज्यादा कंपनियों के जुड़े होने की बात सामने आ रही है।
इन कारोबारियों के यहां रेड
हिंदुस्तान कॉइल के अरविंद अग्रवाल, महामाया स्टील के राजेश अग्रवाल, ओम स्पंज के रवि बजाज, राधामणि स्टील के अंकुश अग्रवाल, बिजनेसमैन महेश गोयल सहित इनके रिश्तेदारों, बिजनेस पार्टनर्स से जुड़े कई ठिकानों पर तलाशी चल रही है।
ये साक्ष्य जब्त किए अफसरों ने
आईटी अफसरों के अनुसार रेड में कारोबारियों के ठिकानों से कंप्यूटर, हार्ड डिस्क, लेजर, फाइनेंशियल रजिस्टर, लैंड डील रिकॉर्ड, डिजिटल डेटा जब्त किया गया है, जिनमें से ज्यादातर की हाई-इंटेंसिटी क्लोनिंग, वेरिफिकेशन हो रही है।
सिलतरा इंडस्ट्रियल बेल्ट में, टीमों ने यूनिट-वाइज प्रोडक्शन डॉक्यूमेंट्स, MS पाइप यूनिट रिकॉर्ड, रैक की गई खरीद फाइलों, रियल एस्टेट से जुड़े इन्वेस्टमेंट ट्रेल्स की बड़े पैमाने पर जांच की, जिनमें से कुछ शायद बिना हिसाब की इनकम के डायवर्जन से जुड़े हैं।
शुरुआती पैटर्न से पता चलता है कि ब्लैक मनी को घोषित इनकम से ज्यादा प्लॉट, कॉमर्शियल प्रॉपर्टी, रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स में लगाया गया हो सकता है।

साइबर एक्सपर्ट की 15 सदस्यीय टीम पहुंची
कारोबारियों के कम्प्यूटर, हार्ड डिस्क, लैपटॉप तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की जांच करने आयकर विभाग के साइबर एक्सपर्ट की 15 सदस्यीय टीम मुंबई तथा कोलकाता से रायपुर पहुंची है। साइबर एक्सपर्ट की टीम डिलीट डेटा रिकवर करने के साथ ही लेन-देन की बैकअप फाइल अपने हार्ड डिस्क में स्टोर करने का काम कर रही है।
IRS अधिकारी के रवि किरण की पहली बड़ी कार्रवाई
यह छापेमारी पीडीआईटी (PDIT) इन्वेस्टिगेशन विंग के प्रमुख IRS अधिकारी के रवि किरण की अगुवाई में की जा रही है, जिन्होंने हाल में ही पदभार संभाला है।
नई टीम ने हाई-सीक्रेसी मॉडल, मल्टी-सिटी समन्वय और तेज़ रणनीति अपनाते हुए ऑपरेशन शुरू किया है। IRS राव की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। कार्रवाई पूरी होने के बाद अफसर औद्योगिक कॉरिडोर में लंबे समय से छिपे वित्तीय घोटाले को उजागर करने का दावा कर रहे है।

रेड के दौरान सिक्योरिटी के लिए तैनात फोर्स।
नकदी बरामदगी कम, लेकिन सबूत ज्यादा
अधिकारियों के मुताबिक रेड के दौरान कैश या सोने की बड़ी रिकवरी तो नहीं, लेकिन डॉक्यूमेंट्री एविडेंस उम्मीद से कहीं ज्यादा मिले है। इंटरनल रिकन्सिलिएशन शीट्स, मैसेजिंग लॉग्स और लेयर्ड नोटिंग्स से हिडन फंड मूवमेंट के कई लिंक सामने आए हैं।
…………………..
इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें…
छत्तीसगढ़ में लोहा कारोबारियों के 50 ठिकानों पर IT रेड: रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़ में एक्शन; घर, दफ्तर और प्लांट में खंगाले दस्तावेज

रायपुर समेत कई जिलों में एक साथ आयकर विभाग की टीम की कार्रवाई।
छत्तीसगढ़ में लोहा कारोबारियों के 50 ठिकानों पर आयकर विभाग का छापा पड़ा। गुरुवार को रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और रायगढ़ में स्पंज आयरन, स्टील रोलिंग, पॉवर प्लांट और जमीन कारोबारियों के ठिकानों पर दबिश दी गई। 100 से अधिक CRPF जवान मौके पर तैनात रहे। सभी ठिकानों पर दस्तावेज खंगाले गए। जमीन कारोबारियों के ठिकानों पर भी आयकर विभाग की टीम पहुंची। पढ़ें पूरी खबर…
<
